एसएससी अभ्यर्थियों ने दोबारा परीक्षा की मांग की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा में कुर्सी रोड पर आदिल नगर स्थित एसवीपी इंटर कॉलेज में देरी से पेपर दिया गया और समय पर ले लिया गया, जिस पर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया।
यहां सुबह की पाली में 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई परीक्षा में बुकलेट व ओएमआर शीट बांटने में गड़बड़ी हुई।
कॉलेज प्रशासन ने 10:30 बजे कॉपियां बांटीं और निर्धारित समय दोपहर 12 बजे कॉपियां जबरन जमा करा लीं।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें देरी से कॉपियां दी गईं और पेपर करने के लिए अतिरिक्त समय भी नहीं दिया गया।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी, एसएससी (मध्य क्षेत्र) इलाहाबाद व एसएससी मुख्यालय नई दिल्ली से कर दी है।
दूसरे सेंटर्स में भी हुईं गड़बड़ियां
वहीं, सिटी मॉडर्न एकेडमी कृष्णानगर में भी स्टूडेंट्स ने यही शिकायत की है।
केंद्र पर परीक्षा देने आए अभ्यर्थी अभिषेक श्रीवास्तव, अंकुर वर्मा, दीपक कुमार आदि ने बताया कि कमरा नंबर 20, 21, 22 में सुबह 10:30 बजे कॉपियां दी गईं, जबकि परीक्षा शुरू होने का समय 10 बजे का था।
यहां बुकलेट और ओएमआर शीट बांटने में कक्ष निरीक्षकों ने गड़बड़ी कर दी।
इसे दुरुस्त करने में करीब आधा घंटा बर्बाद हो गया। अभ्यर्थियों का कहना था कि जो प्रश्नपत्र उन्हें दो घंटे में हल करना था, उसके लिए डेढ़ घंटा ही मिला।
दोपहर 12 बजे उनसे कॉपियां छीन ली गईं। अभ्यर्थियों ने इसकी शिकायत 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में की तो वहां कोई सुनवाई नहीं हुई।
अधिकारियों को नहीं है खबर
अभ्यर्थियों ने लिखित शिकायत जिलाधिकारी व एसएससी के उच्चाधिकारियों से कर दी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर उनकी दोबारा परीक्षा न करवाई गई तो उनका कॅरिअर चौपट हो जाएगा।
उधर, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस तरह की घटना के बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार किया है।
एडीएम हरिप्रताप शाही का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली।