'नवदीप को बीजापुर से मिला डीएवी का टिकट'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून में दिन भरी चली खींचतान और बीजापुर गेस्ट हाउस में मीटिंगों के दौर के बाद शुक्रवार शाम डीएवी छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई ने नवदीप नेगी को अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित कर किया।
हालांकि इसका विरोध करते हुए दूसरे दावेदार आलोक नेगी ने शाम को एस्ले हॉल चौक पर चुनाव प्रभारी अमित पठानिया का पुतला फूंककर विरोध जताया।
इससे पहले दिनभर बीजापुर गेस्ट हाउस में बैठकें हुईं। आलोक टिकट पाने के लिए समर्थकों के साथ जुटे रहे। चुनाव प्रभारी अमित पठानिया और कांग्रेस के कई नेताओं के साथ कई दौर की बातचीत हुई। इसके चलते दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित प्रेस वार्ता भी टालनी पड़ी।
शाम करीब पांच बजे चुनाव प्रभारी ने नवदीप नेगी के लिए टिकट का ऐलान कर दिया। इसके तुरंत बाद आलोक नेगी समर्थकों संग विरोध पर उतर आए। उन्होंने एश्ले हॉल चौक पर चुनाव प्रभारी का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
पिछली बार बागी थे नवदीप
नवदीप नेगी को भले टिकट मिल गया, लेकिन एक वक्त तक उनके नाम पर सहमति नहीं थी। इसकी वजह बीते साल उनका बागी होना है। बीते वर्ष स्वाती को टिकट न मिलने पर नवदीप एनएसयूआई से बागी हो गए थे।
उन्होंने स्वाति के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने में खूब साथ दिया। उनके साथ कई पुराने छात्र नेता भी स्वाती के समर्थन में थे। वहीं, दूसरा गुट साकेत बहुगुणा का पक्षकार था। ऐसे में सत्ता बदलते दूसरा गुट कमजोर हो गया। आखिरी वक्त तक उनका विरोध इसी पर था कि जो थोड़े लालच में संगठन छोड़ सकता है, वह चुनाव कैसे लड़ सकता है।
राष्ट्रीय सचिव हैं अमित पठानिया
नवदीप के लिए टिकट का ऐलान करने वाले प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया इस वक्त संगठन में राष्ट्रीय सचिव हैं। नाम फाइनल करने से पहले वह विधायक हीरा सिंह बिष्ट से लेकर पार्टी के तमाम बड़े नेताओं से मिले थे। इसके बाद उन्होंने नवदीप पर मुहर लगाई।
एसएफआई ने खोले दावेदार
स्टूडेंट फेडरेशन आफ इंडिया (एसएफआई) ने आगामी छात्र संघ चुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। संगठन की ओर से दून के तीन कॉलेजों में प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
शुक्रवार को डीएवी के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जिला चुनाव संचालन समिति अध्यक्ष विपिन जोशी ने नामों का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि डीएवी कॉलेज में विकास भट्ट महासचिव, एसजीआरआर कॉलेज में नीतेश खंतवाल महासचिव और डीबीएस कॉलेज में विकास विवि प्रतिनिधि पद पर लड़ेंगे।
चुनाव संचालन समिति की घोषणा करते हुए डीएवी में पंकज बड़वाल को, एसजीआरआर कॉलेज में अतुल कांत को और डीबीएस कॉलेज में रवि भट्ट को संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हर प्रत्याशी के लिए पांच एजेंडे तय हैं। उसी आधार पर वह मैदान में दावा पेश करने जा रहे हैं। इस दौरान पंकज बड़वाल भी रहे।
एमकेपी में पहले दिन बिके तीन नामांकन पत्र
एमकेपी पीजी कॉलेज में शुक्रवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले दिन छात्राओं की कम दिलचस्पी दिखाई। शनिवार को संख्या बढ़ सकती है। प्राचार्य डा. इंदु सिंह ने बताया कि पहले दिन तीन नामांकन पत्र बिके। इसमें एक अध्यक्ष, एक कार्यकारिणी सदस्य और एक सहसचिव के लिए बिका। छात्राएं एक सितंबर तक नामांकन भर सकती हैं।
डीबीएस में 2300 वोटर करेंगे फैसला
डीबीएस पीजी कॉलेज में 2300 छात्र प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कॉलेज ने शुक्रवार को वोटर लिस्ट जारी कर दी। साथ ही शनिवार से कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा. प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि कॉलेज में पहले दिन 36 और दूसरे दिन 20 नामांकन पत्र बिके। नामांकन के दिन भी छात्र पत्र खरीद सकते हैं। अब तक कुल 56 नामांकन पत्र बिक चुके हैं। बीते वर्ष 82 नामांकन पत्र बिके थे। डा. वत्सला ने बताया कि कॉलेज में 2300 वोटर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
एसजीआरआर में नामांकन पत्र बिक्री आज से
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में नामांकन पत्रों की बिक्री शनिवार से होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी डा. प्रदीप ने इससे पहले शुक्रवार को छात्र संगठनों की बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने पोस्टरबाजी नहीं करने की नसीहत दी। उन्होंने बताया कि छात्र शनिवार को नामांकन पत्र खरीद सकते हैं।