डीयू: छात्र संघ चुनाव के नामांकन खत्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। डूसू के चारों पदों के लिए कुल 144 नामांकन पत्र भरे गए। इनमें अध्यक्ष के लिए 37 और उपाध्यक्ष के लिए 32 पर्चे दाखिल हुए। सबसे ज्यादा 41 लोगों ने सचिव पद के लिए नामांकन किया। सहसचिव के लिए 34 नामांकन हुए हैं। वहीं 12 छात्रों के पर्चे रद्द भी किए गए हैं।
पर्चे दाखिल करने वालों को बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक बैंक ड्राफ्ट के रूप में जमानत राशि डूसू कोषाध्यक्ष के नाम प्रशासन को जमा कराना होगा। प्रत्याशी पांच सितंबर तक नाम वापस ले सकते हैं। पांच सितंबर को ही उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी।
अंतिम दिन विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र नेता सुबह से ही नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जुटने लगे थे। लगभग सभी संगठनों के छात्र नेताओं ने एक से अधिक पदों के लिए पर्चे जमा किए।
डूसू मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर डीएस रावत ने बताया कि कुल 144 के अलावा 12 छात्रों के नामांकन को फॉर्म पूरे न होने या फिर उपस्थिति पूरी न होने के कारण रद्द भी किया गया है।
बुधवार को एबीवीपी के आठ प्रत्याशियों ने चार पदों के लिए पर्चे भरे। इनमें प्रवेश मलिक, आशुतोष माथुर, रोहित राणा, मोहित नागर, भावना राणा, कनिका शेखावत, सन्नी डेढा और सतेंद्र के नाम शामिल हैं।
वहीं एनएसयूआई ने आठ उम्मीदवारों का नामांकन कराया। जिनमें अमित सिद्धू टीमा, रोबिन चौधरी, अभिषेक चौधरी, गौरव तुषीर, मोना चौधरी, अक्षय लाकड़ा, भव्या शर्मा और प्रतीक कौशिक शामिल हैं। आइसा ने भी चारों पदों के लिए चार उम्मीदवारों का नामांकन कराया है। इनमें मधुरिमा, अमन नवाज, विक्रमादित्य और अमन गौतम है। आइसा आज अपना पैनल घोषित करेगी, वहीं बाकी संगठन शुक्रवार को चारों पदों के लिए अपने पैनल घोषित करेंगे।
कोड ऑफ कंडक्ट के लिए उम्मीदवारों की क्लास
छात्र संघ चुनावों में नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब नाम वापस लिए जाने के बाद शुक्रवार तक उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
ऐसे में सभी संभावित उम्मीदवारों को डूसू के दंगल में कूदने से पहले कोड ऑफ कंडक्ट की क्लास लगी। बुधवार को डूसू मुख्य चुनाव अधिकारी ने फॉर्म की छंटनी से पहले उन्हें चुनावों के दौरान क्या करें, क्या न करें इसकी जानकारी दी।
दिल्ली विवि में डूसू चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही कोड ऑफ कंडक्ट की गाइडलाइन जारी कर दी जाती हैं। लेकिन उम्मीदवार इन्हें खास तव्वजो नहीं देते और ना ही पढ़ते हैं। लिहाजा इस बार नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को चुनाव के बारे में सारी जानकारी दी गई। बुधवार को डूसू चुनाव अधिकारी प्रो डीएस रावत सभी उम्मीदवारों से मिले।
उन्होंने बताया कि अब तक तो उम्मीदवार केवल अपने नाम से प्रचार कर रहे थे और नामांकन नहीं किया था लेकिन अब नामांकन करने के बाद प्रशासन की उन पर खास नजर रहेगी। यदि किसी भी संगठन का कोई भी उम्मीदवार कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करता पाया गया तो उसकी उम्मीदवारी रद्द भी हो सकती है।
इतना ही नहीं पद जीतने के बाद भी वह कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन मामले में उन पर कार्रवाई हो सकती है। मालूम हो कि डूसू चुनाव में प्रिटेंड पोस्टर, प्रिटेंड पैम्फलेट व अन्य प्रिटेंड सामग्री का इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है।