फीस बढ़ाने को लेकर छात्र संगठन हुए लामबंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) प्रशासन द्वारा अगले सत्र से पांच फीसदी फीस बढ़ाने की योजना के विरोध में छात्र संगठन लामबंद होने लगे हैं। पीयू के गोल्डन जुबली सेमिनार हॉल में मंगलवार पीयू स्टूडेंट काउंसिल और ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सहयोग से ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई गई। इस दौरान करीब 150 विद्यार्थियों और छात्र नेताओं ने अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में फीस वृद्धि नहीं होने देंगे। चाहे इसके लिए आंदोलन क्यों न करना पड़े। पीयू छात्र काउंसिल प्रधान दिव्यांशु बुद्धिराजा की अध्यक्षता में करीब दो घंटे तक चली लंबी बहस में विभिन्न छात्र संगठनों के नेताओं ने फीस बढ़ोतरी के विरोध में तर्क दिए।
एसएफआई नेता प्रभप्रीत ने कहा कि पीयू अधिकारियों द्वारा एमएचआरडी से ग्रांट लेने के लिए फीस बढ़ाने का तर्क देना पूरी तरह गलत है। अगर ऐसी कोई चिट्ठी जारी हुई है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
छात्र नेता विजय ने कहा कि नार्थ रीजन की सभी यूनिवर्सिटी के मुकाबले पीयू के हर संकाय और कोर्स की दोगुना से भी अधिक फीस है। वहीं, इनसो छात्र नेता जयदीप ने पीयू प्रशासन द्वारा फीस में बढ़ोतरी को आम विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ लिया गया फैसला बताया।
चांसलर को सौंपेंगे ज्ञापन
छात्र नेताओं की बैठक में फैसला लिया गया कि फीस बढ़ोतरी का विरोध जारी रहेगा। 27 दिसंबर को पीयू कैंपस में चांसलर डा. हामिद अंसारी को भी ज्ञापन दिया जाएगा।
प्रदर्शन की चेतावनी
छात्र नेताओं ने इसी हफ्ते बोर्ड ऑफ फाइनेंस सदस्यों के सामने भी इस मुद्दे को उठाने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि अगर पीयू प्रशासन फिर भी फीस बढ़ाने का फैसला वापस नहीं लेता है तो सभी छात्र संगठन मिलकर पीयू कैंपस में प्रदर्शन करेंगे।
मीटिंग में नहीं पहुंचे अफसर
फीस बढ़ोतरी के फैसले पर मंथन के लिए पीयू स्टू़डेंट काउंसिल ने सभी सीनेटर और पीयू प्रशासन के आला अधिकारियों को आमंत्रित किया था। दो बजे मीटिंग का समय तय किया गया था, लेकिन कोई भी अधिकारी मीटिंग में नहीं पहुंचा।
पीयू में पढ़ाई इतनी महंगी
पंजाब यूनिवर्सिटी और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के विभिन्न कोर्स की फीस में काफी अंतर है।
कोर्स-----------संकाय---------केयू------------पीयू
एमए---------पत्रकारिता-------6026---------35870
एमए---------सोशल वर्क------5041---------21,000
एमएससी-------केमिस्ट्री--------5071---------21100
एमएससी--------बायो----------9011--------35,000
एलएलएम-----15176--------30000
एमएड---------9617---------30000
बीपीएड-------15601---------52000
एम.फार्मेसी----15000--------1,56,011
कोट्स
स्टूडेंट्स की मीटिंग में शामिल होने के लिए मेरे पास डायरेक्ट कोई संदेश नहीं आया। यह मीटिंग स्टूडेंट्स ने अपने स्तर पर आयोजित की थी। फीस बढ़ोतरी के बारे में पहले ही कई बार स्टूडेंट्स के साथ लंबी डिस्कशन हो चुकी है।
- प्रो. नवदीप गोयल, डीएसडब्ल्यू, पंजाब यूनिवर्सिटी
फीस बढ़ोतरी से काफी स्टूडेंट्स प्रभावित होंगे। हमने सभी पीयू अधिकारियों को मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन एक भी अधिकारी ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। सभी छात्र संगठन फीस बढ़ोतरी के विरोध में एकजुट हैं।
- दिव्यांशु, प्रेसिडेंट, पीयू स्टूडेंट काउंसिल