कान्वेंट स्कूलों में दाखिला, बेटियों के लिए गुड न्यूज
अपनी पसंद के स्कूल में बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए आजकल अभिभावकों खूब भागदौड़ कर रहे हैं। सभी स्कूलों में दाखिले के लिए लिए लकी ड्रॉ सिस्टम लागू होने से अभिभावकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लेकिन, बेटियों के एडिमिशन के लिए परेशान अभिभावकों के लिए खुशखबरी है।
इस बार शहर के तीन प्रतिष्ठित कान्वेंट स्कूलों में बेटियों के दाखिले के अधिक चांस होंगे। सेंट जोन, सेक्रेड हार्ट, कार्मल कान्वेंट और सेंट ऐस स्कूलों में कुल 630 सीटों पर एडमिशन होंगे। इनमें से 385 सीटों पर सिर्फ बेटियों को दाखिला मिलेगा। सिबलिंग या ट्विंस होने पर कुछ और सीटों पर गर्ल्स को एडमिशन दिया जा सकता है।
सेक्टर-26 स्थित सेक्रेड हार्ट और सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट में सभी 280 सीटों पर गर्ल्स को दाखिला दिया जाएगा। सेक्टर-32 स्थित सेंट ऐंस स्कूल की कुल 210 सीटों में से आधी (105) के साथ ही सिबलिंग और ट्विंस कोटे में भी सभी लड़कियों को दाखिला दिया जाएगा। कान्वेंट स्कूलों में सिर्फ सेक्टर-26 स्थित सेंट जोन स्कूल की सभी 140 सीटों पर लड़कों को एडमिशन दिया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में 30 फीसदी सीटें बेटियों के लिए
शहर के सभी प्राइमरी सरकारी स्कूलों में प्री-नर्सरी और नर्सरी की चार हजार सीटें हैं। शिक्षा विभाग ने बेटियों को शिक्षित करने के लिए सरकारी स्कूलों में भी एंट्री लेवल पर लड़कियों के दाखिले में रिजर्वेशन लागू किया है।
जनरल कैटेगरी की कुल 37 सीटों में से 30 फीसदी सीटें सिर्फ गर्ल्स के लिए रिजर्व की गई हैं। जनरल कोटे की अन्य सीटों पर भी लकी ड्रॉ या पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।
लकी ड्रा की होगी वीडियोग्राफी
शिक्षा विभाग के कॉमन एडमिशन शेड्यल के तहत जनवरी के दूसरे और तीसरे हफ्ते में सभी प्राइवेट और कान्वेंट स्कूलों में लकी ड्रॉ होगा। किसी भी विवाद से बचने से लिए शिक्षा विभाग स्कूलों को लकी ड्रॉ की वीडियोग्राफी कराने के आदेश जारी करेगा। कई विवादित स्कूलों में शिक्षा विभाग लकी ड्रॉ के समय अधिकारियों की नियुक्ति भी कर सकता है।
वेबसाइट पर देनी होगी लिस्ट
शिक्षा विभाग ने इस साल सभी स्कूलों को लकी ड्रॉ में सफल बच्चों की पूरी लिस्ट स्कूलों को वेबसाइट पर जारी करने के लिए कहा है। ऐसा एंट्री लेवल पर दाखिले में पारदर्शिता लाने के लिए किया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व कैटेगरी के तहत दाखिला पाने वाले बच्चों की जानकारी भी स्कूलों के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर देने के लिए कहा गया है। सभी स्कूलों को लकी ड्रॉ का रिकॉर्ड शिक्षा विभाग के पास भी जमा कराना होगा।
सभी पेरेंट्स को पसंद के स्कूल में बच्चे के दाखिले का पूरा मौका दिया जाना चाहिए। सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में इस साल लकी ड्रॉ पूरी तरह पारदर्शी बनाने की कोशिश की जा रही है। जो स्कूल कॉमन एडमिशन शेड्यूल को फॉलो नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाया जाएगा।