एचपी यूनिवर्सिटी समेत कॉलेजों में एससीए गठन का शेड्यूल जारी
एचपी यूनिवर्सिटी सहित कॉलेजों में एससीए गठन के लिए शेड्यूल जारी हो गया है। कॉलेजों में 24 से 31 अगस्त तक एससीए का मनोनयन करना होगा। विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी आदेशों में विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद की 14 अगस्त को हुई बैठक में लिए फैसले के मुताबिक विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध सभी डिग्री कॉलेजों में पिछले सत्र में तय किए गए नियमों के जरिये ही मनोनयन से एससीए गठन करने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय कुलसचिव कार्यालय से जारी इस अधिसूचना से अब छात्र संघ चुनाव न होने और फिर से नए शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए मनोनयन से ही एससीए गठन कि या जाना तय हो गया है। मनोनयन की प्रक्रिया से चुनी जाने वाली एससीए में शैक्षणिक, खेल और अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले छात्रों का ही कॉलेज और विवि पीजी सेंटर का डीएसडब्ल्यू कार्यालय मनोनयन करेगा।
बनाए गए अलग अलग नियम
इसके लिए बीते सत्र में एचपीयू ईसी की ओर से प्रति कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में गठित कमेटी की ओर से तय किए गए नियमों में ही मनोनयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें कॉलेज एससीए और विश्वविद्यालय की एससीए के लिए अलग से नियम बनाए गए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस बार भी प्रदेश भर के कॉलेजों और विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र समुदाय और छात्र संगठन मनोनयन से एससीए गठन की इस इस प्रक्रिया को स्वीकार करते हैं या नहीं।
पिछले सत्र में छात्रों ने नकारा था तरीका
शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए कॉलेज विवि में मेरिट के आधार पर मनोनयन के तरीके को विवि सहित अधिकतर कॉलेजों में छात्रों ने नकार दिया था। जिस कारण विवि में ही मनोनीत एससीए की शपथ नहीं हुई और मुख्य पदों पर मनोनित तीन मेधावियों ने पद से इस्तीफा दे दिया था।