{"_id":"5210799d7335fe391fd013cb593c6950","slug":"result-of-students-of-punjab-university","type":"story","status":"publish","title_hn":"रिजल्ट में देरी पर पीयू में गरजे विद्यार्थी ","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
रिजल्ट में देरी पर पीयू में गरजे विद्यार्थी
अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Thu, 12 Dec 2013 01:12 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच महीने से बीएएमएस दूसरे सेमेस्टर के रिजल्ट का इंतजार कर रहे सेक्टर-46 के धन्वंतरि आयुर्वेदिक कालेज के विद्यार्थियों ने बुधवार को पीयू कैंपस में जबरदस्त हंगामा किया।
विज्ञापन
100 से अधिक विद्यार्थी पुलिस और सिक्योरिटी गार्ड को छकाते हुए प्रशासनिक ब्लॉक के चौथी मंजिल पर कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन के कमरे तक पहुंच गए और वहां भी प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
इनमें छात्रों से ज्यादा छात्राएं थीं। भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। कैंपस में यह विरोध प्रदर्शन सुबह 11 बजे से देर रात तक जारी रहा।
विज्ञापन
पीयू के एक अधिकारी ने बताया कि बीएएमएस दूसरे सेमेस्टर के करीब 37 विद्यार्थियों का रिजल्ट रोका गया है।
पीयू में सुरक्षा की पोल खुली
पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीयू के सिक्योरिटी गार्ड...। इसके बावजूद विद्यार्थी धक्का-मुक्की करते हुए अति संवेदनशील कहे जाने वाले प्रशासनिक ब्लॉक में पहुंच गए।
पीयू प्रशासन और पुलिस को एक दिन पहले से ही विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन की जानकारी थी, लेकिन ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया, जिससे उन्हें वहां पहुंचने से विद्यार्थियों को रोका जा सके।
प्रदर्शन में छात्राओं की संख्या अधिक होने के कारण पुरुष पुलिस कर्मचारियों ने भी रास्ते से हट जाना ही बेहतर समझा।
घंटों तक चैंबर से बाहर ही रहे एग्जामिनेशन कंट्रोलर
जबर्दस्त नारेबाजी के बाद डीएसपी आशीष कपूर मामले को शांत कराने पहुंचे, लेकिन कोई हल नहीं निकला। गेट के बाहर नारेबाजी के कारण कई घंटे तक पीयू के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन को भी कमरे के अंदर ही रहना पड़ा।
प्रोविजनल अनुमति पर चल रहा कालेज
सेक्टर-46 स्थित श्री धन्वंतरि आयुर्वेदिक कालेज को 2010 के बाद से पंजाब यूनिवर्सिटी से मान्यता नहीं मिली है। इसके बावजूद इस कालेज में दाखिला दिया जाता रहा।
मामला कोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट के आदेश पर पीयू प्रशासन विद्यार्थियों को प्रोविजनल तौर पर परीक्षा देने की अनुमति देता रहा, लेकिन आखिर में पीयू के अलावा आयुष और दो अन्य मेडिकल संस्थानों की इंस्पेक्शन टीम ने कालेज की रिपोर्ट को निगेटिव बताया।
आज घोषित हो सकता है रिजल्ट
दिनभर हंगामे के बाद दोपहर बाद मामले को सुलझाने के लिए सीनेटर और वरिष्ठ वकील सत्यपाल जैन की अध्यक्षता में जीके चरतथ, अशोक गोयल, प्रो. नवल किशोर, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डा. परविंदर सिंह की बुधवार शाम 5 से 6 बजे तक बैठक हुई।
इसमें सदस्यों ने रिजल्ट के बारे में चर्चा की। कमेटी के कुछ सदस्यों के नहीं आने के कारण रिजल्ट का निर्णय नहीं लिया जा सका। अब वीरवार को सुबह 10 बजे से बैठक होगी। संभव है वीरवार को रिजल्ट घोषित कर दिया जाए।
दो विद्यार्थी बैठे भूख हड़ताल पर
देर शाम पीयू अधिकारियों द्वारा वीरवार को रिजल्ट घोषित किए जाने के आश्वासन के बाद भी धन्वंतरि कालेज के छात्र कमल और यशमिता भूख हड़ताल पर बैठ गए।
इनके साथ ही प्रशासनिक ब्लॉक के चौथे फ्लोर पर कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन के कमरे के बाहर विद्यार्थियों का धरना जारी था। देर रात तक धनवंतरी और एसएफआई के 50 से अधिक विद्यार्थी धरने का समर्थन करते नजर आए।
पीयू के एसएफआई नेता प्रभप्रीत सिंह के मुताबिक पांच महीने से धन्वंतरि आयुर्वेदिक के विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित नहीं किया जा रहा है। एफिलिएशन मामले में विद्यार्थियों का क्या दोष है। पीयू को कालेज पर कार्रवाई करनी चाहिए। रिजल्ट घोषित होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
डीएसडब्ल्यू, पीयू प्रो. नवदीप गोयल ने बताया कि कमेटी की बैठक हो चुकी है। वीरवार सुबह 10 बजे तक रिजल्ट घोषित होने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को हड़ताल खत्म करने को कहा गया, लेकिन वे नहीं माने।
पीयू के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डा. परविंदर सिंह के अनुसार पीयू प्रशासन की ओर से रिजल्ट तैयार है, लेकिन लीगल कारणों से इसमें दिक्कतें आ रही थीं। वीरवार को कमेटी ही इस मामले में फैसला लेगी।