पीयू सिंडीकेट में इन मुद्दों पर चर्चा, लिए गए ये फैसले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में रिटायर होने के बाद शिक्षकों को 65 साल तक ही रीएंप्लायमेंट दी जाएगी। पीयू सिंडीकेट ने शिक्षकों की रीएंप्लायमेंट को 65 साल से बढ़ाकर 70 साल करने के प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। सिंडीकेट की शनिवार को लगभग चार घंटे तक चली बैठक में इस प्रस्ताव का सदस्यों ने कड़ा विरोध किया।
सिंडीकेट सदस्यों का कहना था कि अभी तो पीयू में रिटायरमेंट की आयु 60 सालहै। रिटायरमेंट की आयु 65 साल करने का मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में रीएंप्लायमेंट 70 साल तक करने का कोई औचित्य नहीं है।
पीयू में पहले ही शिक्षकों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दो शिक्षकों को हाल ही में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से स्टे मिल चुका है। इस पर अब 5 अगस्त को सुनवाई है।
पीयू में 60 की उम्र में रिटायरमेंट के बाद पहले 63 साल तक रीएंप्लायमेंट का लाभ दिया जाता था। दो साल पहले इसे बढ़ाकर 63 से 65 कर दिया गया था। सिंडीकेट की ओर से रीएंप्लायमेंट आयु बढ़ाने का प्रस्ताव नामंजूर करने से कई शिक्षकों को झटका लगा है, क्योंकि वह अगले माह 65 साल पूरा कर रहे थे।
प्रो. गोयल और प्रो. नंदिता को एक्सटेंशन
सिंडीकेट ने फिजिक्स विभाग के प्रोफेसर नवदीप गोयल को डीन छात्र कल्याण के पद पर एक साल की एक्सटेंशन दे दी है। प्रो. गोयल को पिछले साल सिंडीकेट ने डीन छात्र कल्याण नियुक्त किया था। साथ ही शिक्षा विभाग की प्रोफेसर नंदिता सिंह को डीन छात्र कल्याण (महिला) के पद पर एक साल की एक्सटेंशन दे दी है। प्रो. सिंह को भी पिछले साल सिंडीकेट ने नियुक्त किया था।
प्रो. जौहल बनी डीन इंटरनेशन स्टूडेंट्स
सिंडीकेट ने पीयू के लोक प्रशासन विभाग की प्रोफेसर रमनजीत कौर जौहल को डीन इंटरनेशनल स्टूडेंट्स नियुक्त किया है। इस पद पर अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. गुरमेल सिंह के नियुक्त थे जो कि रिटायर हो गए हैं। प्रो. जौहल इससे पहले पीयू के हॉस्टल की वार्डन रह चुकी हैं।
बहाल होंगे पदम
सिंडीकेट में काफी समय से सस्पेंड चल रहे इंजीनियर सतीश कुमार पदम को बहाल करने का फैसला ले लिया। रिश्वत मामले में पदम काफी समय से सस्पेंड चल रहे हैं। सिंडीकेट ने यह भी तय किया कि इस तरह के पीयू में जो अन्य मामले हैं उन पर भी विचार किया जाए।
दूर हुई शिक्षकों की कमी
पीयू में नए शिक्षकों की नियुक्ति के साथ ही शिक्षकों की कमी भी दूर हो रही है। पीयू ने मार्च से जुलाई के बीच में 34 नए शिक्षकों की नियुक्ति की है और अगस्त तक 18 और शिक्षकों की नियुक्ति होगी। यह जानकारी सिंडीकेट की बैठक में कुलपति प्रो.अरूण कुमार ग्रोवर ने दी। सिंडीकेट ने विभिन्न विभागों में हुई शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
हेडशिप रोटेशन को लेकर सिंडीकेट में विरोध
पंजाब यूनिवर्सिटी के विभिन्न सेंटर्स और इंस्टीट्यूट्स में हेडशिप रोटेशन से होने के प्रस्ताव पर सिंडीकेट ने मंजूरी नहीं दी। इस मुद्दे पर सिंडीकेट सदस्यों के बीच बहस भी हुई। इस वजह से इस पर फैसला न हो सका और इसे टाल दिया गया। इस प्रस्ताव को तहत पीयू के सेंटर्स और इंस्टीट्यूट्स में डॉयरेक्टर की नियुक्ति रोटेशन से होनी थी।
साथ ही सभी इंस्टीट्यूट्स में एसोसिएट डायरेक्टर पद बनाने का प्रस्ताव भी था। लेकिन, इस मुद्दे पर सिंडीकेट में दो गुटों के बीच सहमति न बन पाने से इसे मंजूरी नहीं मिली। अब सिंडीकेट की बैठक में इस नए सिरे से लाया जाएगा। पूटा ने भी इस मुद्दे का विरोध किया था।
पीयू के डेंटल इंस्टीट्यूट, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइम मैनेजमेंट साइंसेस, यूआईईटी, यूआईएलएस जैसे कई इंस्टीट्यूट्स में डायरेक्टर पद रोटेशन सिस्टम से भरने की मांग उठ रही है। अभी रोटेशन सिस्टम सिर्फ पीयू के विभागों में ही लागू है। सिंडीकेट ने डॉ.दलीप कुमार के उस प्रस्ताव पर कमेटी गठित करने का फैसला लिया, जिसके तहत उन्होंने बोर्ड ऑफ स्टडीज में चुनाव कराने को कहा था।
डॉ. दलीप कुमार ने अपने प्रस्ताव में स्पष्ट किया था कि बोर्ड ऑफ स्टडीज में सदस्यों को मनोनीत करने की जगह इसके लिए चुनाव होना चाहिए। सिंडीकेट ने यह भी तय किया कि कालेजों को प्रिंसिपल या टीचर्स कांट्रेक्ट पर 65 साल की आयु तक रखने की मंजूरी दे दी जाए। लेकिन, वह कांट्रेक्ट पर शिक्षक या प्रिंसिपल तभी रख पाएंगे अगर उन्हें खाली पदों का विज्ञापन निकालने के बाद योग्य उम्मीदवार नहीं मिले।
यह मुद्दे भी हुए पारित
-पीयू डायरेक्टर फिजिकल एजूकेशन की नियुक्ति के लिए नियमों को मंजूरी
-एनडीआरसी और यूआईपीएस के बीच एमओयू को मंजूरी
-यूथ वेलफेयर कमेटी की सिफारिशों की मंजूरी
-एलएलएम कोर्स में वेटेज देने का मामला लॉ फैकल्टी को रेफर
-अंडरग्रेजुएट कक्षाओं में डोमेस्टिकल वॉयलेंस एगेंस्ट वुमन एंड चिल्ड्रन कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव टला
-फ्रेंच विभाग में एमए में सॉफ्ट स्किल प्रोग्राम होगा शुरू
-विभिन्न कालेजों को नए कोर्सों की मंजूरी
-यूजीसी के पूर्व चेयरमैन प्रो.सुखदेव थोराट 8 अगस्त को लेक्चर देने आएंगे