पढ़ें, पीयू में लागू कोड ऑफ कंडक्ट के नए नियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी में 5 सितंबर को घोषित छात्र काउंसिल चुनाव में छात्र नेताओं की गुंडागर्दी पर पीयू प्रशासन ने नए कोड ऑफ कंडक्ट से लगाम लगाने की तैयारी कर ली है। चुनाव को लेकर पीयू प्रशासन ने कई नए और सख्त नियम लागू करने का फैसला लिया है।
कैंपस में चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद वीरवार से कैंपस में आउटसाइडर के वाहनों को पूरी तरह बैन करना का फैसला लिया है। पीयू के सभी गेट पर सिर्फ पीयू की ओर से जारी स्टिकर लगे वाहनों को ही पूरी चेकिंग के बाद एंट्री दी जाएगी।
बाहरी वाहनों को एंट्री गेट पर बनी पार्किंग में ही छोड़कर जाना होगा। अधिकारियों के अनुसार वीरवार से पीयू कैंपस में स्टूडेंट को सिर्फ आईकार्ड से ही कैंपस में एंट्री मिल सकेगी।
ये हैं नए कोड ऑफ कंडक्ट के मुख्य प्वाइंट
1. चुनाव में टेंट सिर्फ फाइनल कैंडीडेट और चार प्रमुख पदों (ऑफिस बीयरर कैंडीडेट्स) के लिए लड़ने वालों को अलॉट होंगे।
2. कैंडीडेट को 15-15 की जगह टेंट लगाने, 2 मेज और 15 कुर्सी लगाने की इजाजत मिलेगी।
3. प्रत्येक कैंडीडेट का खर्च प्रति टेबल 30 रुपये, 10 रुपये प्रति चेयर और टेंट का खर्च 100 से 200 रुपये प्रति पर्दे के हिसाब से चार्ज किए जाएंगे।
4. चार कैंडीडेट के पैनल को 30-30 साइज टेंट, 4 टेबल और 30 कुर्सी लगाने की अनुमति होगी।
5. पोस्टर, बैनर, खाने की चीजों आदि खर्च का अनुमान आब्जरवर की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
6. चुनाव प्रचार में दो और चार पहिया वाहनों के प्रयोग पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
7. कक्षाओं के दौरान छात्र नेता चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे, शिक्षक की अनुमति से 5 से 10 मिनट प्रचार किया जा सकेगा।
8. पैदल यात्रा या 30 से कम स्टूडेंट की रैली चंडीगढ़ पुलिस और डीएसडब्ल्यू की अनुमति से ही की जा सकती है।
9. चुनाव में बैनर, स्पीकर, डंडों के प्रयोग पर बैन रहेगा।
10. पीयू छात्र काउंसिल चुनाव में आउटसाइडर, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स, इवनिंग स्टूडी और यूसोल के स्टूडेंट को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
11. लिंगदोह नियमों की अनदेखी करने पर उम्मीदवारी तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
12. चुनाव में उम्मीदवार सिर्फ 5 स्टूडेंट के साथ गर्ल्स हॉस्टल में प्रचार कर सकते हैं।
13. गर्ल्स हॉस्टल में चुनाव प्रचार करने की अनुमति शाम 7 बजे से पहले और ब्वॉयज हॉस्टल में 10 बजे तक दी जाएगी।
14. 5 सितंबर तक पीयू हॉस्टल में किसी भी गेस्ट को ठहरने की अनुमति नहीं होगी।
बाहरी वाहनों की एंट्री बैन
पिछले साल छात्र काउंसिल चुनाव में एक छात्र संगठन पर मतदान के लिए टीशर्ट और अन्य स्टेशनरी बांटने को लेकर बवाल हुआ था। पीयू प्रशासन ने इस बार किसी भी स्टूडेंट को किसी विशेष संगठन के नाम से टीशर्ट या अन्य प्रचार सामग्री के साथ मतदान केंद्र में एंट्री नहीं देने का फैसला लिया है।
सिर्फ चुनाव के लिए पीयू के विभिन्न डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्र नेताओं की लिस्ट तैयार की जा रही है। डीएसडब्ल्यू ने बताया कि जिन स्टूडेंट की अटेंडेंस पूरी नहीं होगी उनके एडमिशन रद्द कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दो छात्र नेताओं जितेंद्र पाल सिंह और जसनप्रीत सिंह को विभाग से अनुपस्थित रहने पर एडमिशन रद्द करने के लिए विभागाध्यक्ष को चिट्ठी लिखी गई है। अन्य छात्र नेताओं पर भी नजर रखी जा रही है।
14 हजार से अधिक स्टूडेंट करेंगे मतदान
चुनाव आचार संहिता लागू होते ही पीयू कैंपस में लगे सभी प्रिंट पोस्टर को बुधवार को ही हटाना शुरू कर दिया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि लिंगदोह के तहत किसी भी छात्र नेता का प्रिंट पोस्टर कैंपस में लगा तो उसकी उम्मीदवारी तुरंत रद्द होगी, साथ ही छात्र नेता के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज होगी। पोस्टर लगाने को लेकर 50 छात्र नेताओं के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। नगर निगम ने भी 30 लाख से अधिक जुर्माना लगाया है।
पीयू के करीब 70 विभागों के 14 हजार से अधिक स्टूडेंट छात्र काउंसिल चुनाव में मतदान करेंगे। प्रो.नवदीप गोयल ने बताया कि वीरवार तक दाखिला ले चुके सभी स्टूडेंट के आईकार्ड तैयार हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी। ऐसे में 1 सितंबर को ही कुल मतदाताओं की सही संख्या मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि चुनाव में 65 फीसदी संख्या लड़कियों की होगी।