छात्र काउंसिल चुनावः प्रेसिडेंट के लिए रिकॉर्ड 52 आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में पांच सितंबर को होने वाले छात्र काउंसिल चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद रोचक हो सकता है। सभी चार पदों के लिए रिकॉर्ड आवेदन आए हैं। प्रेसिडेंट पद के लिए रिकॉर्ड 52 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
वर्ष 2013 में इस पद के लिए 29 ने आवेदन किया था। चार मुख्य पदों पर जनरल सेक्रेटरी के लिए सबसे अधिक 54 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
पीयू सेंट्रल स्टूडेंट काउंसिल के तीन अन्य पद वाइस प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और ज्वॉइंट सेक्रेटरी के लिए भी पिछले साल से करीब दोगुणा आवेदन आए हैं। देर शाम पीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी और डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल ने योग्य उम्मीदवारों की प्रोविजनल लिस्ट जारी कर दी।
चुनाव में वाइस प्रेसिडेंट के 47, सेक्रेटरी 54 और ज्वाइंट सेक्रेटरी के लिए 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रेसिडेंट के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडी (पांच वर्षीय लॉ) से नौ उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
प्रेसिडेंट पद के लिए 54 उम्मीदवारों में से सिर्फ 10 लड़कियां हैं। हालांकि, कैंपस में लड़कियों की संख्या 65 फीसदी से अधिक है। वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए सबसे अधिक 15 लड़कियों ने आवेदन किया है।
फाइनल प्रत्याशियों की लिस्ट आज
पांच सितंबर को पीयू छात्र काउंसिल चुनाव के लिए मैदान में फाइनल उम्मीदवारों की लिस्ट शनिवार दोपहर बाद तीन बजे जारी कर दी जाएगी। शनिवार 12.30 बजे तक आवेदन करने वाले कैंडीडेट अपना नाम वापस ले सकते हैं।
किस पद के लिए कितने आवेदन
पद का नाम------2014-------2013
प्रेसिडेंट-------------52--------29
वाइस प्रेसिडेंट------47---------25
जनरल सेक्रेटरी----54---------36
ज्वॉइंट सेक्रेटरी-----51---------36
छात्र काउंसिल चुनाव के लिए पीयू प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। चुनाव के दिन विभिन्न विभागों में 184 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। पिछले साल 175 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। 58 विभागों से 116 डिपार्टमेंटल रिप्रेजेंटेटिव (डीआर) चुने जाएंगे।
इस साल 662 मतदाता अधिक होंगे
पीयू छात्र काउंसिल चुनाव में 14,204 स्टूडेंट अपने मत का प्रयोग करेंगे। पीयू प्रशासन ने अंतिम मतदाता सूची तैयार कर ली है। वर्ष 2013 के मुकाबले (13,542) इस बार 662 अधिक मतदाता हैं।
मतदान करने वालों में 65 से 70 फीसदी वोटर लड़कियां होंगी। पिछले साल मतदान प्रतिशत 64 फीसदी के करीब रहा था।
देर रात हुईं गठजोड़ की कोशिश
आवेदन करने तक पीयू के किसी भी छात्र संगठन के बीच चुनावी गठजोड़ नहीं हुआ। लेकिन, शाम को आवेदकों की लिस्ट जारी होते ही गठजोड़ की राजनीति शुरू हो गई।
देर रात तक सभी संगठनों के बीच सीटों के बटवारे को लेकर राजनीति चलती रही। पूरे घटनाक्रम में पीयू के पुराने धुरंधर और बड़े स्तर के नेता भी अपने संगठनों का मार्गदर्शन करते रहे। गठबंधन का फैसला शनिवार आवेदन वापस लेने तक ही स्पष्ट हो पाएगा।
आज ये रहेगा चुनावी शेड्यूल
10 बजे - आवेदन करने वालों की अप्रूव लिस्ट जारी होगी
10.30 से 12.30- आवेदन वापस लेने का समय
12.30- सभी विभाग अंतिम सूची डीएसडब्ल्यू दफ्तर को भेज देंगे
3 बजे- प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी
प्रो. नवदीप गोयल, डीएसडब्ल्यू, पीयू ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वालों की प्रोविजनल लिस्ट जारी कर दी गई है। इस बार सभी पदों के लिए रिकॉर्ड आवेदन आए हैं। शनिवार दोपहर बाद फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। कुछ शिकायतें आई थीं, जिन्हें कमेटी ने क्लीयरेंस दे दी है।