शिक्षकों और क्लर्कों के लिए नए साल का तोहफा
शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को सरकारी स्कूलों में कार्यरत जेबीटी शिक्षकों को प्रमोशन का तोहफा दिया है। डायरेक्टर पब्लिक इंस्ट्रक्शन (डीपीआई) कमलेश कुमार ने 75 जेबीटी शिक्षकों की प्रमोशन लिस्ट जारी की है। डीपीआई के आदेश में कहा गया है कि 10 से 15 साल की नौकरी पूरी करने वाले शिक्षकों को इसमें शामिल किया गया है।
इन शिक्षकों को ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स (टीजीटी) बनाया गया है। प्रमोशन की खबर मिलते ही शिक्षकों में बधाइयों का दौर शुरू हो गया है। शिक्षा विभाग ने 24 नवंबर को भी 108 जेबीटी शिक्षकों की प्रमोशन लिस्ट जारी की थी। यूटी कैडर एजुकेशनल इंप्लाइज यूनियन प्रधान स्वर्ण सिंह कंबोज ने कहा कि जेबीटी प्रमोशन लिस्ट जारी होने से टीजीटी के खाली पद भर जाएंगे।
नए टीजीटी को जल्द मिलेगी पोस्टिंग
नवंबर में टीजीटी बने 108 शिक्षकों को डेढ़ महीने बाद भी नई पोस्टिंग नहीं मिली है। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को जेबीटी की दूसरी प्रमोशन लिस्ट आने के बाद जल्द ही पोस्टिंग लिस्ट भी जारी हो जाएगी।
अस्थायी क्लर्कों को भी मिला नए वर्ष का तोहफा
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) प्रशासन ने शुक्रवार को 10 से 15 सालों से अस्थायी तौर पर नौकरी कर रहे 31 क्लर्कों को रेगुलर कर दिया। शुक्रवार शाम इस संबंध में आदेश जारी हो गए। इसके बाद पीयू में बधाइयों का दौर शुरू हो गया। पीयू के 150 कर्मचारियों को रेगुलर करने की फाइल काफी समय से लटकी हुई थी।
अमर उजाला ने नए साल पर पीयू कर्मचारियों को रेगुलर करने की खबर सबसे पहले प्रकाशित की थी। जानकारी अनुसार, पीयू ने 31 दिसंबर 2010 तक 10 साल में 3650 दिन या प्रतिवर्ष 240 दिन काम करने वाले अस्थायी कर्मचारियों को रेगुलर किया है। जल्द ही पीयू हेल्पर और अन्य सी क्लास कर्मचारियों को रेगुलर करने की लिस्ट जारी करेगा।
वोकेशनल लेक्चरर की अनदेखी
सरकारी स्कूलों में 8 से 10 सालों से कार्यरत वोकेशनल लेक्चरर के साथ भेदभाव किया जा रहा है। विभाग ने गेस्ट, कांट्रेक्ट, एसएसए और कंप्यूटर टीचर्स की सैलरी बढ़ा दी है। लेकिन, विभिन्न स्कूलों में कार्यरत 72 वोकेशनल लेक्चरर को वेतन बढ़ाने का सिर्फ आश्वासन ही मिलता आ रहा है।
पीयू प्रशासन ने 31 कांट्रेक्ट क्लर्क को रेगुलर कर नए साल की खुशी को बढ़ा दिया है। अन्य कर्मचारियों को भी जल्द रेगुलर किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
दीपक कौशिक, प्रेसिडेंट पीयू नॉन टीचिंग एसोसिएशन