होनहारों को मिलेगी प्रोफेशनल कोचिंग, यहां देखें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होनहार विद्यार्थियों के लिए शुरू किए जा रहे छह आवासीय स्कूलों में सब कुछ खास होगा। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्रोफेशनल कोचिंग इंस्टीट्यूट हायर करने का फैसला किया है। ताकि विद्यार्थियों की तैयारी में कोई कसर न रहे।
दसवीं की परीक्षा में 80 फीसदी से ज्यादा अंक लेने वाले सरकारी स्कूलों के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा देने के मकसद से विभाग छह रेसिडेंशियल स्कूल शुरू करने जा रहा है। ये स्कूल बठिंडा, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में खुलेंगे। यहां पढ़ाई से लेकर रहने-खाने का सारा खर्च सरकार उठाएगी।
यह मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसीलिए शिक्षा विभाग कहीं पर भी कोई कमी नहीं रखना चाहता। विभाग ने फैसला किया है कि उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी 11वीं क्लास से ही कराई जाए। ताकि बारहवीं के बाद होने वाली प्रतियोगी व दाखिला परीक्षा में वे बढ़िया प्रदर्शन कर सकें।
विभाग हायर करेगा प्रोफेशनल्स
इस तैयारी की जिम्मेदारी रेगुलर टीचरों को देने के बजाय विभाग ने प्रोफेशनल हायर करने का फैसला किया है। विभाग ने इसके लिए इंस्टीट्यूट्स व पार्टियों से आवेदन मांगे हैं।
इसमें सेशन 2014-15 में पांच सौ विद्यार्थी प्रति स्कूल और सेशन 2015-16 में एक हजार विद्यार्थी प्रति स्कूल को स्पेशल कोचिंग देने के लिए आवेदन मांगे गए है।
इंस्टीट्यूट को मेडिकल, नॉन मेडिकल व कॉमर्स स्ट्रीम की 12वीं के बाद होने वाली दाखिला व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करानी होगी। इसके लिए हर स्कूल में दोपहर बाद स्पेशल कक्षाएं लगाईं जाएंगी।
विभाग ने इच्छुक इंस्टीट्यूट को 28 जुलाई को प्रजेंटेशन देने को कहा है, जिसके लिए एक इंस्टीट्यूट को 45 मिनट दिए जाएंगे। इसी आधार पर एक इंस्टीट्यूट नियुक्त किया जाएगा।
इन प्रतियोगिताओं की कराई जाएगी तैयारी
छह रेसिडेंशियल स्कूलों में विद्यार्थियों को कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इनमें जेईई मेन्स और एडवांस, मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट, सीएलएटी, सीपीईटी आदि शामिल हैं।
सभी विश्वविद्यालयों के अंडरग्रेजुएट टेस्ट की तैयारी भी कराई जाएगी। सॉफ्ट स्किल्स, स्पोकेन इंग्लिश, राइटिंग स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर खास ध्यान रखा जाएगा।
कैरियर और गाइडेंस काउंसिलर का इंतजाम होगा। पीएसईबी की पढ़ाई इंग्लिश मीडियम से होगी। स्मार्ट क्लासरूम में ई-कंटेंट से पढ़ाई होगी।
दाखिले को काउंसलिंग शुरू
छह रेसिडेंशियल स्कूलों का संचालन सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ क्वालिटी एजुकेशन फॉर पुअर ऐंड मेरिटोरियस स्टूडेंट्स इन पंजाब द्वारा किया जाएगा। इनमें दाखिले की प्रक्रिया 22 जुलाई को मोहाली से शुरू हो चुकी है।
विद्यार्थियों को उनके जिलों में ही काउंसलिंग की सुविधा दी जा रही है। 22-25 तक मोहाली में काउंसलिंग होगी। 24 को संगरूर, गुरदासपुर, मुक्तसर, मानसा, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर व होशियारपुर में काउंसलिंग हुई।
जबकि 24-25 जुलाई को लुधियाना, बठिंडा व अमृतसर में काउंसलिंग होगी। सरकारी स्कूलों के 4702 विद्यार्थियों ने इस बार 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक लिए हैं।