{"_id":"dca41ced6bd176f594239cb3ef95218e","slug":"now-ranking-system-for-all-colleges-and-universities-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर विश्वविद्यालय, कॉलेज की तय होगी रैंकिंग","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
हर विश्वविद्यालय, कॉलेज की तय होगी रैंकिंग
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Fri, 08 Jan 2016 10:38 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश भर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की रैंकिंग तय की जाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाने और छात्रों को अच्छे कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में पढ़ने का अवसर देने के लिए रैंकिंग तय करने का फैसला लिया है। नेशनल इंस्टीट्यूशन रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की ओर से रेंकिंग तय होगी।
विज्ञापन
15 जनवरी तक एनआईआरएफ की वेबसाइट पर पूरी जानकारी देने के आदेश दिए गए हैं। देश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को इस वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य किया गया है। रजिस्ट्रेशन के दौरान शिक्षण संस्थानों को अपनी उपलब्धियों का ब्योरा देना होगा। इस योजना में हर विश्वविद्यालय और कॉलेज के कामकाज के आधार पर उसे एक ग्रेड दिया जाएगा।
विज्ञापन
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय की सोच है कि भविष्य में जब कोई छात्र विश्वविद्यालय या कॉलेज में एडमिशन के लिए जाएगा तो सबसे पहले वह उसका रैंक जान सकेगा। यदि उसका रैंक खराब है तो ऐसे कॉलेजों में एडमिशन लेने की जरूरत नहीं होगी। मंत्रालय के अनुसार रैंकिग किए जाने से खराब गुणवत्ता के कॉलेजों के लिए ज्यादा दिन तक टिक पाना मुश्किल हो जाएगा।
विज्ञापन
यदि वे अपना उच्च रैंक नहीं बना पाएंगे तो उनके लिए कॉलेज को चला पाना मुश्किल होगा। विवि और कॉलेजों का रैंक स्पष्ट नहीं होने से सबसे ज्यादा गुमराह छात्र होते हैं। शिक्षा की दुकान खोलकर बैठे कई कॉलेज छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। इस तरह के मामलाें पर शिकंजा कसने के लिए मंत्रालय ने ग्रेड देकर रैंकिंग करने का फैसला लिया है। यूजीसी के सचिव प्रो. डा. जसपाल एस सन्धू ने देश के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के उपकुलपतियों को पत्र जारी कर 15 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन करवाने को कहा है।