एलयूः 1 लाख 48 हजार स्टूडेंट्स को मिलेंगे ऑनलाइन एडमिट कार्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय व डिग्री कॉलेजों के स्टूडेंट्स को अब ऑनलाइन एडमिट कार्ड मिलेंगे। उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ऑनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मार्च 2015 में स्नातक की मुख्य परीक्षाओं में ऑनलाइन एडमिट कार्ड ही जारी किए जाएंगे।
लखनऊ विश्वविद्यालय व 147 डिग्री कॉलेजों के करीब एक लाख, 48 हजार स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा। अभी तक सभी डिग्री कॉलेजों को मैन्युअल फॉर्म जारी किए जाते थे और वे उसे स्टूडेंट्स से भरवाकर एलयू के परीक्षा विभाग में जमा करते थे लेकिन अब ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म जमा करवाए जाएंगे।
इसके चलते अब डिग्री कॉलेज निर्धारित सीटों से अतिरिक्त अगर फॉर्म भरेंगे तो वे पकड़े जाएंगे। इस समय यूनिवर्सिटी प्रशासन सभी डिग्री कॉलेजों से उनकी विषयवार सीटों का ब्यौरा और कौन से कोर्स में कितनी सीटें आवंटित की जा रही हैं, इसकी विस्तृत जानकारी हासिल कर रहा है।
एडमिट कार्ड के नाम पर नहीं होगी वसूली
यही नहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन की इस ऑनलाइन व्यवस्था के चलते अब डिग्री कॉलेज एडमिट कार्ड देने के नाम पर स्टूडेंट्स से वसूली भी नहीं कर पाएंगे। यूनिवर्सिटी प्रशासन बीते करीब दो वर्षों से ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी करने की कोशिश कर रहा था।
पिछले साल तो सभी यूनिवर्सिटी के लिए कॉलेज लॉगिन व पासवर्ड भी जारी कर दिए गए थे और उनसे ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरवाने की ही तैयारी थी लेकिन ऐन वक्त पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तैयारियां पूरी न होने की बात कहकर इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। इस बार भी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्नातक की मुख्य परीक्षाएं शुरू होने से करीब दो महीने पहले इसकी घोषणा कर दी है।
अगर यह घोषणा परवान चढ़ी तो स्टूडेंट्स को काफी फायदा होगा। एलयू प्रवक्ता प्रो. एनके पांडेय का कहना है कि हम एग्जामिनेशन में चरणबद्ध ढंग से रिफॉर्म कर रहे हैं। स्टूडेंट्स की सहूलियत के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ऑनलाइन एडमिट कार्ड मिलने से स्टूडेंट्स को काफी सहायता मिलेगी।