गुड न्यूजः NRI स्टूडेंट्स को अब नहीं देना होगा पीएमईटी
मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट देने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें पीएमईटी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीधे दाखिला मिल जाएगा। चौंक गए न जानकर। बात हो रही है पंजाब मेडिकल एंट्रेस टेस्ट। बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी ने एमबीबीएस व बीडीएस कोर्स करने के इच्छुक एनआरआई विद्यार्थियों को पंजाब मेडिकल एंट्रेस टेस्ट (पीएमईटी) से छूट दे दी है।
यूनिवर्सिटी के नए प्रावधान के अनुसार देश के किसी भी राज्य से संबंधित एनआरआई विद्यार्थी 12वीं कक्षा में 50 प्रतिशत अंकों के आधार पर एनआरआई कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस सीट पर दाखिला ले सकते हैं। पंजाब भर के विभिन्न मेडिकल कालेजों में सिर्फ एमबीबीएस की ही 102 सीटें एनआरआई के लिए आरक्षित रखी हुई हैं, लेकिन सख्त नियमों की वजह से हर साल ही कई सीटें खाली रह जाती थीं।
एमबीबीएस के पूरे कोर्स के लिए एनआरआई से 1.10 लाख डॉलर फीस वसूली जाती है, लेकिन सीटें खाली रहने से संबंधित कॉलेज समेत यूनिवर्सिटी को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता था। इस साल एनआरआई सीटें खाली रहने की आशंका से सरकार और यूनिवर्सिटी ने नियमों में फेरबदल कर दिया है।
हालातों को देखते हुए किया गया ऐलान
2015 में यूनिवर्सिटी की पीएमईटी परीक्षा में एनआरआई सीटों के लिए आवेदन भरने वाले 64 विद्यार्थियों में 52 ने ही परीक्षा दी थी और इनमें से भी सिर्फ 17 विद्यार्थी ही 50 प्रतिशत अंक लेकर परीक्षा क्वालीफाई कर पाए। ऐसे हालात में राज्य सरकार व बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ने एनआरआई विद्यार्थियों के लिए पीएमईटी परीक्षा की शर्त से राहत देने का फैसला लिया।
नए नियमों के तहत किसी भी राज्य से संबंधित एनआरआई 12वीं कक्षा में 50 प्रतिशत अंकों के आधार पर एमबीबीएस व बीडीएस में एनआरआई कोटे की सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। हालांकि पीएमईटी में शामिल विद्यार्थियों को पहल दी जाएगी।
-डॉ. राज बहादुर, वीसी, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी