मॉडल विश्विद्यालय बनेगा लखनऊ विश्वविद्यालय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय अब मॉडल यूनिवर्सिटी बनेगी, आधुनिकीकरण के बाद यह अन्य सभी विश्वविद्यालयों के लिए रोल मॉडल बनेगी। शासन ने एलयू को पत्र भेजकर मॉडल यूनिवर्सिटी का ड्राफ्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ विवि के कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने इसके लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी मॉडल यूनिवर्सिटी के लिए व्यवस्थाएं, प्रक्रिया, संरचनात्मक ढांचे में बदलाव आदि पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। मॉडल यूनिवर्सिटी बनने से अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, इनोवेटिव तरीके से पढ़ाई होगी।
विवि के प्रति कुलपति प्रो. एके सेन गुप्ता की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी ने ड्राफ्ट बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बनेगा इनोवेशन सेंटर
प्रो. गुप्ता के अनुसार मॉडल यूनिवर्सिटी के लिए कौन-कौन से तरीके प्रयोग में लाए जाएं, क्या नया किया जाए, इनोवेशन कैसे किया जाए, इस पर कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी।
क्लासरूम कैसे हों, पाठ्यक्रम में क्या बदलाव किए जाएं, ताकि वे रोजगारपरक बनें। इसके बाद प्रक्रियाओं में किस तरह बदलाव हों, यानी स्टूडेंट्स की डिग्री, मार्क्सशीट, माइग्रेशन, फीस और कैंटीन शुल्क आदि देने के लिए सरल व्यवस्था अपनाई जाए।
उन्हें ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा दी जाए, विवि में जगह-जगह क्यॉस्क लगाकर पेमेंट की सुविधा मिले, इस पर विचार किया जा रहा है। पढ़ाई के लिए ऑनलाइन कंटेंट उपलब्ध कराया जाए, ऑनलाइन लेक्चर हों।
यूनिवर्सिटी में अत्याधुनिक इन्क्यूमेशन सेंटर होगा, जहां पर स्टूडेंट व उद्योग जगत से जुड़े लोग आपस में इंटरेक्शन कर सकेंगे और इनोवेशन सेंटर भी बनाया जाएगा।
स्पोर्ट्स और कल्चरल सेंटर बनाने के लिए होंगी कोशिशें
वहीं, स्टूडेंट्स को पढ़ाई के साथ-साथ स्पोर्ट्स व कल्चरल इवेंट में भी नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर पहुंचने लायक सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इसमें यूनिवर्सिटी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और गीत-संगीत व नृत्य के क्षेत्र में भी अव्वल प्रदर्शन करे इसके लिए जो जरूरी संसाधन हैं, वह मुहैया करवाए जाएंगे। इतना ही नहीं उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए एक्सपर्ट भी यूनिवर्सिटी बुलाएगी।
फिलहाल, लखनऊ विश्वविद्यालय को मॉडल यूनिवर्सिटी बनाने के लिए कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्य सचिव आलोक रंजन की ओर से विश्वविद्यालय को भेजे गए पत्र के बाद कमेटी का गठन कर इसका ड्राफ्ट तैयार करने का काम तेज हो गया है।
बनेगा लेक्चर थियेटर
एलयू के मॉडल यूनिवर्सिटी बनने पर यहां लेक्चर कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। यहां स्टूडेंट्स के लिए खास तरीके का लेक्चर थियेटर होगा। इसमें मॉडल क्लासरूम होंगे, जिसमें स्टूडेंट्स को प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी।
स्टूडेंट्स अगर लेक्चर को नहीं समझ पाएगा तो वह ऑनलाइन लेक्चर दोबारा पढ़ने के लिए उपलब्ध होगा, उसे रिकॉर्डिंग करके रख लिया जाएगा, ताकि स्टूडेंट कभी भी उसे चाहे तो दोहरा सके।
कैंपस में लगेंगे जगह-जगह क्यॉस्क
स्टूडेंट्स को मार्क्सशीट, माइग्रेशन, डिग्री, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, फीस, मेस व कैंटीन फीस जमा करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था होगी। उन्हें यहा स्मार्ट कार्ड भी दिया जा सकता है। इसे वे टॉपअप कराकर यूनिवर्सिटी में मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
पूरे कैंपस में मिलेगा वाईफाई
एलयू के मॉडल यूनिवर्सिटी बनने पर स्टूडेंट्स को वाई-फाई की सुविधा पूरे कैंपस में मिलेगी। वह कैंपस में कहीं पर भी बैठेंगे और आराम से इंटरनेट का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए जगह-जगह लैपटॉप व मोबाइल चार्जिंग जोन भी बनेंगे।
सिर्फ स्टूडेंट्स ही नहीं टीचर व कर्मचारी भी इंटरनेट का प्रयोग कर सकेंगे। यूनिवर्सिटी में अत्याधुनिक कम्प्यूटर लैब बनाई जाएगी। हर डिपार्टमेंट में इंटरनेट का बेहतरीन एक्सेस हो सकेगा।
व्यावसायिक व रोजगारपरक कोर्स से होगी पहचान
एलयू के मॉडल यूनिवर्सिटी बनने पर वहां व्यावसायिक व रोजगारपरक कोर्स भी शुरू होंगे। उद्योगों की जरूरत के अनुसार नए-नए कोर्स चलेंगे।
मैन्युफैक्चरिंग, टूरिज्म आदि क्षेत्रों में किस तरह के स्किल्ड लेबर की डिमांड है, यह देखते हुए कोर्स डिजाइन होंगे। उद्योग जगत की सलाह पर कोर्स अपग्रेड होंगे। लेक्चर के लिए उद्योग जगत से लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा।