यूपी की ये यूनिवर्सिटी अब होगी वाई-फाई सुविधा से लैस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीब दो साल से वाई-फाई सुविधा को तरस रहे लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। इस साल दिसंबर तक एलयू को वाई-फाई किए जाने का दावा है। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत विवि के दोनों परिसरों को वाई-फाई जोन बनाने के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खोलने की भी तैयारी चल रही है।
इसके लिए एक एक्सपर्ट कमेटी बनाई जा रही है। कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की अध्यक्ष प्रो. भारती द्विवेदी की अध्यक्षता में बनने वाली इस कमेटी में आईआईटी कानपुर के एक शिक्षक समेत दो एक्सपर्ट शामिल होंगे। प्रयास है कि 15 अक्तूबर से पहले कमेटी के साथ बैठक कर इस योजना का ब्लू प्रिंट तैयार कर प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
बनेगा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र
लखनऊ विश्वविद्यालय में एक कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की भी योजना है। कुलपति ने कहा कि कुछ कम्पनियों से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत भी सहायता लेने का प्रयास है जिससे कि अनुदान कम पड़ने पर प्रोजेक्ट में दिक्कत न हो।
एक दिग्गज आईटी कम्पनी का सहयोग कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बनाने में लिया जाएगा। इस केंद्र में जहां छात्र-छात्राओं को साइबर कैफे की तरह इंटरनेट सुविधा मिलेगी वहीं कंप्यूटर प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम भी चलाए जाएंगे। ये कोर्स निशुल्क भी हो सकता है।
कैंपस के साथ ही हॉस्टल भी होगा वाई-फाई
प्रो. एसबी निमसे ने 2013 में लविवि कुलपति का पदभार ग्रहण करने के बाद कहा था कि जल्द ही दोनों परिसरों को वाई-फाई से जोड़ा जाएगा। लेकिन दो साल बाद भी इस पर काम नहीं हुआ। अभी छात्र-छात्राओं को विवि में इंटरनेट सुविधा न मिलने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक समस्या शोध और पीजी कोर्सेज के छात्रों को आती है। इसके अलावा स्नातक स्तर पर भी छात्र परेशान रहते हैं। प्रो. निमसे ने बताया कि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत विवि में आईसीटी (इन्फॉर्मेशन कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी) के लिए एक करोड़ रुपये का अनुदान मिला है। इससे यहां तकनीकी विकास किया जाएगा। दोनों परिसर के साथ ही छात्रावासों में भी वाई-फाई की सुविधा शुरू की जाएगी।
अवध गर्ल्स कॉलेज में 4-जी वाई-फाई
अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं को वर्तमान सत्र से ही परिसर में 4-जी की स्पीड से वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. उपमा चतुर्वेदी ने बताया कि हजरतगंज को वाई-फाई की सुविधा देने वाली रिलायंस जियो कंपनी इस कॉलेज को वाई-फाई करने जा रही है।
इससे कॉलेज की 1400 छात्राओं को लाभ मिलेगा। जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। वहीं कॉलेज में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं। जल्द ही ये काम पूरा करा लिया जाएगा।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं के लिए 50 कंप्यूटर की एक लैब भी बनवाई जाएगी। कंप्यूटर कोर्स के लिए छात्राओं से मात्र 50 रुपये महीने का शुल्क लिया जाएगा। कोर्स में छात्राओं के लिए बेसिक और एडवांस दोनों स्तर के पाठ्यक्रम होंगे। मांग और आवश्यकता के अनुसार कोर्स बढ़ भी सकते हैं। सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।