यहां जानें, कब से कब तक होंगी लखनऊ यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं
लविवि की वार्षिक परीक्षाएं एक मार्च से कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए सभी विषयों का परीक्षा कार्यक्रम तैयार कराया जाना शुरू हो चुका है। परीक्षा नियंत्रक एसके शुक्ला ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम सभी विभागों को भेजा जाएगा।
इसमें वह अपने अनुसार संशोधन करके 31 जनवरी तक परीक्षा विभाग को वापस भेजेंगे। इसके बाद फाइनल परीक्षा कार्यक्रम बनेगा। एसकेशुक्ला ने बताया कि विवि का प्रयास है कि सभी परीक्षाएं 12 मई तक खत्म करा ली जाएं।
यदि ऐसा हो जाता है तो एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार 30 जून से पहले सभी रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। फिलहाल एकेडमिक कैलेंडर केअनुसार वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने की तिथि 23 मार्च है। लेकिन विवि इसको पहले कराने की तैयारी में है।
इस बार मिलेगा 15 मिनट का अतिरिक्त समय
इस बार छात्रों को परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। मालूम हो कि राज्यपाल राम नाईक ने कुछ समय पहले राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों संग बैठक में कहा था कि सभी जगह नया सत्र एक जुलाई से शुरू किया जाए।
विभागीय सूत्रों की मानें तो परीक्षा विभाग इस बात पर विचार कर रहा है कि विवि की वेबसाइट पर पिछले साल की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी अपलोड किए जाएं। इससे वर्तमान में परीक्षाएं देने वाले छात्र-छात्राओं को पेपर पैटर्न समझने में सुविधा होगी।
उम्मीद है कि इसी महीने या फरवरी पहले सप्ताह तक प्रश्नपत्र विवि की वेबसाइट पर अपलोड करा दिए जाएं। प्रश्नपत्र अपलोड होने से सबसे बड़ी राहत प्रथम वर्ष की परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं को मिलेगी।