क्या रहेगा JEE एडवांस का कटऑफ, जान लीजिए
इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस अप्रैल में आयोजित होने जा रही है। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले शीर्ष 1.5 लाख छात्रों को जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। पिछले दो वर्षों में सामान्य श्रेणी की कटऑफ 113 से 115 के बीच रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार भी कटऑफ 118 तक रहने की संभावना है।
जेईई मेंस ऑफलाइन परीक्षा चार अप्रैल को और ऑनलाइन परीक्षा 10 व 11 अप्रैल 2015 को आयोजित होने जा रही है। कुल 360 अंकों की इस परीक्षा में प्रत्येक सही जवाब पर चार अंक मिलेंगे और गलत जवाब पर एक अंक काट लिया जाएगा।
वर्ष 2013 में जेईई मेंस से जेईई एडवांस के लिए चयनित होने वाले छात्रों में सामान्य वर्ग की कटऑफ 113, ओबीसी वर्ग की 70, एससी की 50, एसटी की 45 अंक तक थी। वर्ष 2014 की जेईई मेंस में एडवांस के लिए सामान्य वर्ग की कटऑफ 115, ओबीसी की 74, एससी की 53 और एसटी की 47 रही थी। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार भी सामान्य वर्ग की कटऑफ 112 से 118 के ही रहने वाली है।
जानिए, क्या है कटऑफ का गणित
वीआर क्लासेज के एमडी वैभव राय के मुताबिक इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के प्रारूप और इस साल अपेक्षाकृत कम अभ्यर्थियों के नजरिए से भी देखा जाए तो कटऑफ 118 तक ही रुक जाएगी। इसके अलावा ओबीसी की कटऑफ 75 से 77, एससी की कटऑफ 50 से 53 और एसटी की कटऑफ 45 से 50 के बीच रहने की संभावना है।
हालांकि परीक्षा कराने वाले बोर्ड ने अभी तक पेपर के पैटर्न में कोई बड़ा बदलाव करने की कोई सूचना नहीं दी है, इसलिए माना जा रहा है कि कटऑफ इसके आसपास ही रहेगी।
ऐसे बनाएं अपनी रणनीति
जेईई मेंस में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थी पेपर हल करते वक्त कुछ बातों का ख्याल रखेंगे तो निश्चित तौर पर उनके लिए जेईई एडवांस की राह आसान हो जाएगी।
बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी ने बताया कि अगर सामान्य वर्ग का छात्र विशुद्ध रूप से 90 सवालों में से कम से कम 34 सवाल भी हल कर देंगे तो उनके लिए जेईई एडवांस में चयन आसान होगा।
इसी प्रकार ओबीसी छात्र अगर विशुद्ध रूप से 90 में से 23 सवाल, एससी के छात्र 90 में से 17 सवाल और एसटी के छात्र 90 में से 15 सवाल भी सही हल कर लेंगे तो उनका चयन हो जाएगा।