डीयू में दाखिले के लिए बचा है सिर्फ एक मौका
दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिन आवेदकों ने अब तक आवेदन जमा नहीं किया तो उनके लिए सोमवार तक आवेदन करने का आखिरी मौका होगा।
दरअसल सोमवार को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने जा रही है। ऑफलाइन आवेदन के लिए जहां अब छात्रों के पास एक दिन बाकी है। वहीं ऑनलाइन आवेदकों केपास अब भी दो दिन आवेदन करने का मौका है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया न केवल रविवार को भी जारी रहेगी बल्कि सोमवार को ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया से समय भी ज्यादा मिलेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय में बीते 28 मई को ऑनलाइन व 5 जून को ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी।
सोमवार को दोनों ही आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया दोपहर तीन बजे समाप्त होगी जबकि ऑनलाइन आवेदन के तहत सोमवार आधी रात (12 बजे) तक आवेदन किया जा सकेगा। वहीं शनिवार को कॉलेज सेंटरों पर जारी आवेदन प्रक्रिया की रफ्तार धीमी रही।
रविवार को भी चालू रहेगी ऑनलाइन प्रक्रिया
डीयू की आवेदन प्रक्रिया में जिस तरह से ऑनलाइन व ऑफलाइन फॉर्म जमा हो रहे हैं। उससे यह आंकड़ा 2 लाख 70 हजार से ऊपर जाने की उम्मीद की जा रही है।
ज्यादा फॉर्म आने से एक-एक सीट पर आवेदकों की टक्कर भी बढ़ जाएगी। वहीं शनिवार तक ऑफलाइन व ऑनलाइन को मिलाकर 2, 57, 135 फॉर्म जमा किए गए। जिसमें ऑनलाइन कुल 2, 05, 698 फॉर्म हुए जबकि ऑफलाइन फॉर्म जमा होने की संख्या 51, 437 रही।
ऑफलाइन आवेदन का तो नहीं लेकिन ऑनलाइन आवेदन करने का मौका छात्रों के लिए रविवार को भी है। जो छात्र अब तक आवेदन नहीं कर पाएं हैं वह डेबिट-क्रेडिट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीद की जा रही है कि सोमवार को ऑफलाइन आवेदन केंद्रों पर भारी भीड़ रहेगी। ऐसे में दाखिले के आखिरी दिन से पहले छात्र रविवार को ऑनलाइन आवेदन का फायदा ले सकते हैं।