नौकरियां ही नौकरियां, 19 को पहुंचें यहां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी के द्वार खुलने वाले हैं। कसौली की कंपनी युवाओं को नौकरी देने के लिए आ रही है। यह कंपनी आईटीआई मंडी में 19 दिसंबर को कैंपस इंटरव्यू लेगी। इसमें प्रदेश भर के प्रशिक्षित युवक भाग ले सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक एनर्जी मीटर, स्विच गेयर सहित अन्य प्रोडक्ट बनाने वाली एचपीएल इंडिया फर्म की कसौली स्थित हिमाचल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी विभिन्न ट्रेडों के युवाओं की भर्ती करेगी।
मंडी में 19 दिसंबर को वाले कैंपस इंटरव्यू में महिला-पुरुष वर्ग दोनों में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, पीपीओ, सीओई, रेडियो और टीवी, आईटी और फीटर ट्रेड के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए 2012, 2013 और 2014 बैच के आईटीआई डिप्लोमा डिग्री होल्डर पात्र होंगे। बेरोजगार युवकों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
कैंपस इंटरव्यू के लिए प्राइवेट और सरकारी दोनों योग्य
कैंपस इंटरव्यू में प्राइवेट और सरकारी दोनों के आईटीआई डिग्री तथा डिप्लोमा होल्डर भाग ले सकते हैं। इंटरव्यू में पास होने पर कंपनी प्रशिक्षित युवाओं को स्थायी नौकरी देगी।
इसमें 6859 रुपये प्रति माह वेतन सहित सीटीसी (पीएफ, इएसआई, बोनस), अधिकतम 15 दिन तक छुट्टी के बदले नकद भुगतान लेना, कैंटीन में कम भुगतान पर खाना, कार्य के दौरान दो बार निशुल्क चाय शामिल है।
जिला तकनीकी शिक्षा संघ के प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि कंपनी के 19 दिसंबर को आईटीआई मंडी में रखे कैंपस इंटरव्यू के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शिक्षकों के साक्षात्कार 15 को
पुखरी (चंबा)। राजकीय उच्च विद्यालय कोहाल में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लिए जा रहे हैं। साक्षात्कार 15 दिसंबर को एसडीएम कार्यालय तीसा में होंगे।
अध्यापक अशोक कुमार ने कहा कि स्कूल में टीजीटी मेडिकल और कला अध्यापक का पद रिक्त पड़ा है। कहा कि इन पदों पर एसएमसी के तहत शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है।
इसके लिए उन्हें अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने सभी आवेदनकर्ताओं से अपील की है कि 15 दिसंबर को अपने मूल प्रमाणपत्रों के साथ एसडीएम कार्यालय तीसा में उपस्थिति दर्ज करवाएं।
21 तक मांगे आवेदन
कंडवाल (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोधवां में कला अध्यापक का रिक्त पद पीरियड आधार पर भरा जाएगा। स्कूल के प्रधानाचार्य विपन गुप्ता तथा स्कूल की प्रबंधन समिति के प्रधान बलदेव राज ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 21 दिसंबर तक उक्त पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मानपुर देवड़ा स्कूल में साक्षात्कार 19 को
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मानपुर देवड़ा की कार्यकारी प्रधानाचार्य रजना गुलेरिया ने कहा कि एसएमसी के माध्यम से दो रिक्त पद भरे जाने हैं। स्कूल में पीजीटी हिन्दी एवं पीजीटी अंग्रेजी का पद रिक्त है। एसएमसी से पीरियड आधार पर रिक्त पद भरने है।
एसडीएम पांवटा के आदेशानुसार स्कूल परिसर में 19 दिसंबर को रिक्त पदों के साक्षात्कार की तिथि तय की गई है। अभ्यर्थी अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचे। स्कूल प्रबंधन कमेटी की बैठक में आहरण एवं वितरण अधिकारी यशपाल सिंह, एसएमसी कमेटी प्रधान इल्मो देवी एवं कार्यकारी प्रधानाचार्य रचना गुलेरिया ने जानकारी दी।
भाषा अध्यापक पद को मांगे आवेदन
खुंडियां (कांगड़ा)। राजकीय उच्च पाठशाला अलूहा में एसएमसी के माध्यम से पीरियड आधार पर भाषा अध्यापक का एक पदा भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन पत्र अलूहा स्कूल के मुख्य अध्यापक कार्यालय में 20 दिसबंर तक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित जमा करवा सकते हैं।
पंद्रह तक मांगे आवेदन
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ मध्यामिक पाठशाला जबलू में शारीरिक शिक्षक एवं हिंदी प्रवक्ता के रिक्त पद पीरियड के आधार पर भरे जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थी 15 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। स्कूल प्रधानाचार्य प्यार सिंह चंदेल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी मूल दस्तावेज और टेलीफोन नंबर के साथ अपने दस्तावेज स्कूल कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
एलटी पद के लिए करें आवेदन
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उच्च पाठशाला रायपुर में एसएमसी के तहत भाषा अध्यापक पद भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष विनेश कुमारी ने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता एसएमसी के तहत इस पद के लिए आवेदन देना चाहता है तो वह 27 दिसंबर से पहले अपने प्रमाण पत्रों एवं दस्तावेजों के साथ आवेदन को स्कूल कार्यालय में जमा करवा दे।
उन्होंने बताया कि रायुपर पटवार सर्कल में आने वाले आवेदनकर्ता पटवार सर्कल प्रमाणपत्र भी आवेदन पत्र के साथ संलग्न करें।
आंगनबाड़ी सहायिकाओं के आवेदन 26 तक करें जमा
शिलाई (सिरमौर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अधिसूचना पर बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति की जानी है। योग्य महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। शिलाई विकास खंड की रास्त, रोनहाट, कांडो भटनोल पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति की जानी है।
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं एवं समकक्ष है। अन्य अनुभव भी जोड़े जाएंगे। उम्र 21 से 45 वर्ष हो, वार्षिक आय 20 हजार से अधिक न हो। साथ ही आवेदक हिमाचल का स्थायी निवासी हो। सत्यापित प्रमाण पत्रों के साथ आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई कार्यालय में 26 दिसंबर तक जमा करवाएं। साक्षात्कार 29 दिसंबर को होंगे।