जेईई मेन 2015: इसी महीने आ जाएगा रिजल्ट, जानें डेट
ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (जेईई) मेन 2015 का रिजल्ट 27 अप्रैल को घोषित होगा। यह पहला मौका है, जब जेईई मेन का रिजल्ट अप्रैल में आ रहा है।
इसका ऐलान सीबीएसई ने कर दिया है। सबसे पहले 1.50 लाख स्टूडेंट्स के रिजल्ट जारी किए जाएंगे।
इन्हें आईआईटी में एडमिशन के लिए प्रस्तावित ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (जेईई) एडवांस में शामिल होने का मौका मिलेगा। जेईई एडवांस की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 मई से शुरू होगी।
24 मई को दो पालियों में बीई, बीटेक, बी. आर्किटेक्चर और बी. प्लानिंग के पेपर होंगे। जेईई मेन का पेपर 4 अप्रैल को हुआ था।
शुरू हो गई है मूल्यांकन प्रक्रिया
इसकी मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीबीएसई कोआर्डिनेटर भास्कर गैंटी ने बताया कि इस टेस्ट में क्वालीफाई करने वाले टॉप 1.50 लाख स्टूडेंट्स आईआईटी में एडमिशन के लिए प्रस्तावित जेईई एडवांस में शामिल होंगे।
जेईई एडवांस सिर्फ आईआईटी में एडमिशन के लिए होता है। इसके बाद एनआईटी, ट्रिपल आईटी में एडमिशन का फाइनल रिजल्ट तैयार किया जाता है।
यह रिजल्ट 18 जून को घोषित किया जाएगा। कोआर्डिनेटर ने बताया कि एनआईटी, ट्रिपल आईटी के एडमिशन में बोर्ड मार्क्स का महत्व होता है।
बोर्ड के 40 फीसदी मार्क्स और एंट्रेंस टेस्ट में मिले मार्क्स को जोड़कर ही जेईई मेन के फाइनल रिजल्ट तैयार किए जाते हैं।