इक्डोल ने यूजी रूसा के छात्रों को दी बड़ी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एचपीयू के इक्डोल प्रशासन ने रूसा सीबीसीएस के पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। जिन छात्रों के एडमिट कार्ड संस्थान से वेरिफिकेशन न होने, गलत फार्म भरे जाने या तकनीकी दिक्कत से रोलनंबर जनरेट नहीं हुए हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है।
वे अब परीक्षा फार्म और ऑनलाइन चालान से जमा करवाई फीस की रसीद तथा अपना इक्डोल का कार्ड दिखाकर भी परीक्षा दे सकेंगे। इक्डोल निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार वैद्य ने कहा कि छात्रों की परेशानी को देखते हुए यह फैसला लिया है। बताया कि परीक्षाओं के बाद इन मामलों को सेटल करवाकर फार्म की त्रुटियां को दूर किया जाएगा।
इसके बाद उनके परिणाम निकाले जाएंगे। छात्र परीक्षा से पूर्व इक्डोल के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपने कार्ड जनरेट करवा सकते हैं। पूर्व में हुईं यूजी परीक्षाओं में भी एडमिट कार्ड जनरेट न होने की समस्या रेगुलर और इक्डोल छात्रों को पेश आती रही हैं। इसका स्थायी समाधान विवि प्रशासन नहीं निकाल पाया है।
कॉलेजों को टेलीफोन से दी सूचना
इक्डोल प्रशासन ने सभी कॉलेजों को बिना एडमिट कार्ड छात्रों को चालान रसीद और आईकार्ड दिखाकर परीक्षाओं में बैठने की अनुमति देने की सूचना दूरभाष पर दी है। प्राचार्यों से भी सहयोग की अपील की है।
अमर उजाला ने उठाया था मामला- यूजी के रेगुलर और इक्डोल छात्रों की समस्याओं को अमर उजाला लगातार उठाता रहा है। सोमवार के संस्करण में इक्डोल के परीक्षार्थी छात्रों के मामले में कॉलेज विवि आमने सामने शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी।
इसमें बिना एडमिट कार्ड और एडमिट कार्ड जनरेट न होने का मामला उठाया गया था। बावजूद इसके कई परीक्षा केंद्रों में सोमवार को सुबह के सत्र में हुई सेमेस्टर परीक्षा देने बिना एडमिट कार्ड लेकर आए छात्रों को परीक्षा दिए बिना लौटना पड़ा।
कॉलेज प्राचार्य संघ के महासचिव एवं संजौली महाविद्यालय के प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने कहा कि एचपीयू/इक्डोल प्रशासन इस बाबत लिखित में आदेश जारी करे। उसके बाद ही बिना एडमिट कार्ड वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।