HPU ने घोषित किया बीए फाइनल ईयर का रिजल्ट, देखें यहां
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने बीए फाइनल ईयर का रिजल्ट घोषित कर दिया है। मेरिट लिस्ट में शिमला की तीन लड़कियों ने जगह बनाई है। मेरिट लिस्ट में पहला स्थान शिमला की नैना सांभर ने प्राप्त किया है। सातवें स्थान पर कल्पना ठाकुर रही हैं। दसवें स्थान पर जसमीन कौर ने जगह बनाई है। मेरिट लिस्ट में पहला स्थान प्राप्त करने वाले नैना सांभर ने बीए फाइनल में सर्वाधिक 84.6 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। नैना के पिता विमल कुमार हिमुडा के कर्मचारी हैं और मां गृहिणी है।
क्लिक कर देखें रिजल्ट
नैना का कहना है कि मेरिट में जगह मिलेगी यह पक्का था, लेकिन पहले नंबर पर आऊंगी इतनी उम्मीद नहीं थी। मेरिट लिस्ट में पहला स्थान हासिल करने पर नैना और उनके परिजन खासे उत्साहित हैं। नैना ने बताया कि रोजाना पढ़ाई के लिए वह 4 से 5 घंटे देती हैं। फ्री टाइम मिले तो दोस्तों के साथ घूमना पहली प्राथमिकता होती है। नैना अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एमएससी जियोग्राफी करना चाहती हैं।
सच हुआ किसान की बेटी का सपना
किसान की बेटी का सपना सच हुआ है। चौपाल के कुपवी की रहने वाली कल्पना ठाकुर ने बीए फाइनल ईयर की मेरिट में स्थान बनाया है। सेंटर आफ एक्सीलेंस संजौली में पढ़ने वाली कल्पना मेरिट में सातवें स्थान पर रही हैं। कल्पना के पिता मानसिंह पेशे से किसान हैं। खेती बाड़ी कर गुजर बसर करते हैं। मां कमला ठाकुर बेटी की उपलब्धि को लेकर खासी खुश हैं।
मान सिंह ने बताया कि बेटी पढ़ाई में अच्छी है इसलिए शिमला में पढ़ा रहा हूं। कल्पना के दो बड़े भाई और एक छोटी बहन है। स्कूल के लेकर हर क्लास में कल्पना अव्वल रही है। पढ़ाई के साथ कल्पना की खेल कूद में भी विशेष रुचि है। कल्पना के जीवन का लक्ष्य आईएएस बनकर लोगों की सेवा करना है। इन दिनों कल्पना दिल्ली से आईएएस की कोचिंग ले रही है।