HPSSSB: अब इस दिन होंगे इन पदों के लिए स्किल टेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर पोस्ट कोड-406 और जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर कोड-436 के पदों पर भर्ती के लिए अब दोबारा से स्किल टेस्ट होगा। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर ने 22 से 26 जून तक इन पदों पर भर्ती के लिए राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान बड़ू हमीरपुर में स्किल टेस्ट का आयोजन किया था। स्किल टेस्ट के दौरान कंप्यूटर में तकनीकी खराबी के कारण फोंट ने काम नहीं किया था।
इसके चलते परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों ने इस मामले को लेकर बोर्ड से शिकायत की थी। ‘अमर उजाला’ ने इस मुद्दे को अपने 24 जून के अंक में टाइपिंग टेस्ट में फोंट की दिक्कत से उलझे अभ्यर्थी शीर्षक से प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद चयन बोर्ड के अधिकारियों ने इस मामले को बोर्ड की बैठक में उठाने की बात कही थी।
17, 18 और 22 जुलाई तय की तारीख
इसके चलते शनिवार को बोर्ड ने तीनों कोड के लिए आयोजित टाइपिंग और शार्टहैंड टेस्ट को रद्द कर दिया है। अब जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर कोड-406 के लिए 17 और 18 जुलाई, जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर कोड-436 के लिए 22 जुलाई को स्किल टेस्ट का आयोजन किया जाएगा, जबकि स्टेनो टाइपिस्ट कोड-403 की 28 जून को ली गई परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
क्लर्क के टाइपिंग टेस्ट में भी बदलाव- हिप्र अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड ने लिपिक कोड नंबर 411 के लिए राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान हमीरपुर बड़ू में 12 और 13 जुलाई को निर्धारित टाइपिंग टेस्ट को भी बदलकर अब 24 जुलाई 2015 कर दिया है।
जेबीटी के परीक्षार्थियों को भी राहत
हिप्र अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड ने लिपिक कोड 404 के पदों पर भर्ती के लिए 29 जून और 12 जुलाई को निर्धारित टाइपिंग टेस्ट में जेबीटी परीक्षार्थियों को राहत दे दी है। जेबीटी परीक्षार्थियों ने बोर्ड से शिकायत की थी कि इन निर्धारित तिथियों को ही उनकी जेबीटी की परीक्षाएं हैं। इसके चलते वह टाइपिंग टेस्ट में उत्तीर्ण नहीं हो पाएंगे। इस पर विचार करते हुए बोर्ड ने जेबीटी के उन सभी परीक्षार्थियों के लिए 23 जुलाई को राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान बड़ू में टाइपिंग टेस्ट करवाने का निर्णय लिया है, लेकिन इन अभ्यर्थियों को जेबीटी का परीक्षार्थी होने का प्रमाण पत्र साथ में लाना होगा।
हिप्र अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर के चेयरमैन जोगराज ठाकुर ने बताया कि जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर पोस्ट कोड-406 और जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर कोड-436 के पदों पर भर्ती के लिए अब दोबारा से स्किल टेस्ट होगा। जेबीटी के प्रशिक्षुओं की समस्या को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भी 23 जुलाई को परीक्षा करवाने का निर्णय लिया गया है।