पढ़िए, आर्ट्स टॉपर्स की सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंबा। दस जमा दो कक्षा की वार्षिक परीक्षा में टॉप करने वाले चंबा के अमित कुमार प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं। अमित कुमार को जब अमर उजाला के माध्यम से उनके प्रदेश भर में टॉप करने की खबर मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आंखों में आंसू छलक आए। नम आंखों से अमित ने बताया कि दसवीं कक्षा में उनकी पॉजीशन पूरे जिले में 16वीं थी और इस पॉजीशन को पहली में बदलने के लिए उन्होंने दिन रात मेहनत की है।
दिन में वे सात से आठ घंटे तक पढ़ाई करते थे और परिवार के सदस्यों ने उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया है। परिवार में उनके पिता महेंद्र लाल राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं जबकि माता विद्या देवी गृहिणी हैं। अमित कुमार की बड़ी बहन नितिका बीए के द्वितीय सत्र की छात्रा हैं। अमित का कहना है कि उन्हें इन सभी से प्रेरणा मिलती रही है। जिसकी वजह से वे जिले में 16वीं पॉजीशन से स्टेट में पहली तक पहुंचने में कामयाब हुए।
अध्यापक बनना चाहती है आस्था
बड़सर(हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की बोर्ड मेरिट में दूसरा स्थान हासिल करने वाली आस्था अध्यापक बनना चाहती है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घंघोट की छात्रा आस्था ने जमा दो आर्ट्स में 451 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया है। गांव नयन की आस्था के पिता सुभाष चंद शारीरिक शिक्षक हैं।
जबकि माता अंजना कुमारी गृहणी हैं। आस्था की बड़ी बहन साक्षी बीएससी कर रही हैं तथा उसने जमा दो बोर्ड मेरिट में आने पर छात्रवृत्ति प्राप्त की है। आस्था ने बताया कि बड़ी बहन तथा माता-पिता व अध्यापकों से उसे पढ़ाई में सहयोग मिला है।
अध्यापक बनकर बच्चों का मार्गदर्शन करेगी श्रेष्ठा
घुमारवीं। शहीद विजय पाल मैमोरियल स्कूल घुमारवीं की श्रेष्ठा कुमारी ने 89.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आर्टस की मेरिट लिस्ट में पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर अपने स्कूल, माता पिता व गुरूजनों का नाम रोशन किया है। श्रेष्ठा कुमारी ने बताया कि वह अध्यापक बनना चाहती है। श्रेष्ठा कुमारी के पिता शमशेर ठाकुर कृषि विभाग में कार्यरत हैं तथा माता श्वेता ठाकुर जेबीटी अध्यापक हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल करने पर श्रेष्ठा कुमारी को शुभकामनाएं दी।
प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं दीपक शर्मा
चंबा। साच पंचायत के सभूईं गांव के दीपक शर्मा प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं। उन्होंने दस जमा दो आर्ट्स की परीक्षा में प्रदेश भर में चौथा स्थान हासिल किया है। दीपक शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा ब्वॉयज स्कूल के दूसरे छात्र बन गए हैं जिन्होंने इस बार मेरिट में जगह बनाई है।
अमर उजाला से खास बातचीत में दीपक ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान वह बिल्कुल भी नहीं सोया। खासतौर पर उन परीक्षाओं में जो लगातार हुई हैं। रात को जब आसपास के सभी लोग सो जाते थे तो वह किताब पकड़ लेता था और सुबह होने तक पढ़ाई करता रहता था। उसकी यह रूटीन पूरी परीक्षा में बनी रही। जिसका फल उसे चौथी पॉजीशन के रूप में मिला है।
दीपक के पिता तिलक राज शर्मा कृषि विभाग में सहायक कृषि विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनकी माता हेम नंदनी गृहिणी हैं जबकि बड़े भाई विश्वशर्मा बीटेक के अंतिम सत्र में हैं और बहन नर्सिंग कर रही है। उन्होंने बताया कि इन सभी से प्रेरणा लेकर उन्होंने पढ़ाई की और कामयाबी हासिल की है। भविष्य की कामयाबी के लिए और कड़ी मेहनत करेंगे।
किसान की बेटी न चमकाया नाम
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाहा की छात्रा पूनम ठाकुर ने प्रदेश में आर्टस में पांचवा स्थान प्राप्त किया। बाहा गांव के किसान श्यामलाल व बबली देवी की यह होनहार बेटी अध्यापक बनना चाहती है। पूनम ने अपने इस सफलता का श्रेय अपने प्रधानाचार्य अदित्य कंसल व माता पिता को दिया जिन्होंने स्कूल व घर में शिक्षा के लिए माहौल तैयार किया।
शिक्षक बनकर गुणवत्ता सुधारना लक्ष्य: कंचन
नालागढ़ (सोलन)। शिक्षा बोर्ड की आर्ट्स की बारहवीं के परीक्षा नतीजों में हिमाचल में छठे स्थान पर रहने वाली कंचन का सपना शिक्षक बनकर शिक्षा की गुणवत्ता में अधिक सुधार लाना है। उन्होंने यह मुकाम हासिल कर रेहडू सरकारी स्कूल और सोलन जिला का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है।
उनके पिता रामशहर पुलिस स्टेशन में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात हैं। कंचन देवी का कहना है कि उसने शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों की मदद और अपनी मेहनत से यह मुकाम पाया है। वह ग्रेजुएशन में भी टॉप पर रहने के लिए भरसक प्रयत्न करेंगी।
बैंकर बनना चाहती है मेघा
ऊना। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो की कलां संकाय की वार्षिक परीक्षा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बदौली की छात्रा मेघा शर्मा ने 442 अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल किया है। छात्रा मेघा शर्मा बैंकर बनना चाहती है। मेघा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी स्वर्गीय माता अनीता शर्मा, पिता नंद किशोर शर्मा और स्कूल के शिक्षकों को दिया है।
एलएलबी करके जज बनूंगी: पल्लवी
रामपुर बुशहर। एलएलबी करके जज बनकर लोगों को न्याय दिलाना चाहती हैं रामपुर कन्या स्कूल की मेधावी छात्रा पल्लवी ठाकुर। प्लस टू आर्ट्स की फाइनल परीक्षा की मेरिट में सातवां स्थान प्राप्त पल्लवी पांचवीं और दसवीं में भी टॉपर रही हैं।
रामपुर कन्या स्कूल की पल्लवी ठाकुर ने कला विषयों को महज इसलिए चुना था कि वह आगे चलकर एलएलबी की पढ़ाई करेंगी। लॉ ग्रेजुएशन के बाद वह जज बनकर लोगों को न्याय दिलाना चाहती हैं। ननखड़ी के गांव नालावन की पल्लवी के पिता सुरेंद्र ठाकुर रामपुर ब्वायज स्कूल में लेक्चरर हैं। माता भी जेबीटी हैं।
गांव के स्कूल में थी शिक्षकों की कमी लेकिन बेटी ने कर दिया कमाल
नाहन। 12वीं आर्ट्स में प्रदेश भर में आठवां स्थान हासिल करने वाली दूरदराज के गांव लाणबांका निवासी मेघा चौहान ने कठिन परिश्रम कर यह मकाम हासिल किया है। माता विनोद चौहान एवं पिता अशोक चौहान घर में खेती बाड़ी करते हैं। उनकी दो बेटियां हैं। छोटी बेटी पूर्णिमा 10वीं में पढ़ रही है। पिता अशोक चौहान ने बताया कि वह खेती बाड़ी से गुजर बसर कर अपनी बेटी को पढ़ाते हैं।
मेघा चौहान ने बताया कि उनके गांव लाणाचेता वरिष्ठ स्कूल में शिक्षकों का भारी टोटा था। उन्होंने 50 किमी दूर अपने ताऊ की बेटी के साथ राजगढ़ में किराये का कमरा लिया। मेघा ने बताया कि माता पिता कठिन परिश्रम कर खेतीबाड़ी करते हैं। अपने माता-पिता के लिए कुछ करना उसका सपना है।
फूड प्रोडक्शन में जाना चाहता है प्रशांत
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के भरमोटी गांव के प्रशांत शर्मा ने 12वीं आर्ट्स की परीक्षा में प्रदेश भर में नौंवा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रशांत के पिता शैलेंद्र शर्मा जेबीटी अध्यापक हैं तथा माता निर्मला शर्मा गृहणी हैं।
प्रशांत ने बताया कि वह होटल मैनेजमेंट में फू ड प्रोडक्शन में जाना चाहता है। उसने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे उसकी कड़ी मेहनत है। वह सुबह और शाम दो-दो घंटे अध्ययन करता था। वे दो भाई बहन हैं। प्रशांत की बहन भी 12वीं संकाय में पाठशाला में टॉपर रही हैं।
आर्ट्स में छाया किसान का बेटा
योल (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टंग नरवाणा के मनीष ने आर्ट्स संकाय में राज्य भर में नौंवा स्थान हासिल किया है। मनीष ने 500 में से 451 अंक हासिल किए हैं। किसान परिवार से संबंध रखने वाले मनीष शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है, जबकि खेलकूद में भी स्कूल का नाम देश भर में रोशन कर चुका है।
मनीष ने नेट बाल में स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल भी हासिल किया है। इससे पूर्व जमा एक में स्कूल स्तर पर मनीष दूसरे नंबर पर रहा था। मनीष के पिता राजकुमार किसान हैं। टंग नरवाणा के प्रधानाचार्य पंकज गोतम ने कहा कि मनीष ने मेरिट में स्थान हासिल कर राज्य भर में स्कूल का नाम रोशन किया है।
आईएएस अफसर बनकर गरीबों की सेवा करेगा दिनेश
शाहतलाई। झंडूता तहसील के तहत राजकीय वरिष्ठ पाठशाला घराण (कोटधार) की जमा दो आर्ट्स के छात्र दिनेश चौहान पुत्र जीतराम ने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की जमा दो की परीक्षा में 500 में से 439 अंक लेकर प्रदेश भर में दसवां स्थान हासिल किया है।
जिससे क्षेत्र, स्कूल व उसके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं दिनेश चौहान ने भी अपनी सफलता का श्रेय अध्यापकों व परिजनों को दिया है। दिनेश चौहान का कहना है कि वह आईएएस अफसर बन कर देश के गरीबों की सेवा करना चाहता है।