अब इन कक्षाओं के पेपर सेट नहीं करेगा बोर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड इस सत्र से निजी स्कूलों को नौवीं और जमा एक की वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्न पत्र नहीं देगा। निजी स्कूलों को पेपर सेट करने के बाद प्रिंट भी खुद ही करवाने होंगे। हालांकि, शिक्षा विभाग के आग्रह पर सरकारी स्कूलों को प्रश्नपत्र बोर्ड ही देगा।
शिक्षा बोर्ड ने पिछले वर्ष पेपर आउट मामला सामने आने के बाद फैसला लिया है। उक्त व्यवस्था मार्च 2015 को होने वाली वार्षिक परीक्षाओं में भी लागू होगी। बता दें कि उक्त दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं बोर्ड पहले से ही नहीं ले रहा है। मार्च 2014 की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान बैजनाथ के एक निजी स्कूल में 11वीं के पेपर आउट का मामला उजागर हुआ था।
अमर उजाला ने किया था खुलासा
इसे ‘अमर उजाला’ ने ही उजागर किया था। केमिस्ट्री, फिजिक्स, गणित आदि के पेपर आउट हुए थे। विद्यार्थियों को एक-एक हजार में पेपर बेचने का दावा किया गया था। इसके बाद पुलिस ने निजी स्कूल पर एफआईआर दर्ज की थी। आउट पेपर दोबारा करवाए गए थे। इस बार ऐसी कोई गड़बड़ न हो, इसके चलते स्कूल शिक्षा बोर्ड ने निजी स्कूलों की नौवीं, 11वीं की वार्षिक परीक्षा के संचालन से खुद को अलग कर लिया है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी सचिव बलवीर ठाकुर ने बताया कि मार्च 2015 में प्रस्तावित नौवीं और जमा एक की वार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र निजी स्कूलों को जारी नहीं किए जाएंगे। निजी स्कूलों को स्वयं व्यवस्था करनी होगी। हालांकि, सरकारी स्कूलों में नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र बोर्ड पहले की तरह देगा।