हरियाणा बोर्ड: 10वीं, 12वीं के रिजल्ट में बेटियों की बल्ले-बल्ले
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में एक बार फिर बेटियों ने बाजी मारी है। सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी दोनों ही कक्षाओं में लड़कियों ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। हालांकि पिछले वर्षों की अपेक्षा कुल पास प्रतिशत में काफी गिरावट आई है। सेकेंडरी में 41.28 फीसदी (रेगुलर) बच्चे ही पास हो सके, जबकि गत वर्ष यह रिजल्ट 60.84 प्रतिशत रहा। बारहवीं में 53.96 प्रतिशत बच्चों ने सफलता पाई है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 18.95 प्रतिशत कम है।
बुधवार शाम परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए बोर्ड सेक्रेटरी पंकज ने बताया कि सेकेंडरी परीक्षा में कुल 3 लाख 14 हजार 835 बच्चे शामिल हुए थे। इसमें 1 लाख 70 हजार 422 छात्र और 1 लाख 44 हजार 413 छात्राएं थी। परीक्षा में उत्तीर्ण हुए कुल 1 लाख 29 हजार 953 परीक्षार्थियों में 65511 छात्र (38.44) व 64442 (44.62) छात्राएं शामिल हैं।
लड़कों की अपेक्षा लड़कियों का पास प्रतिशत 6.18 प्रतिशत अधिक है। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 34.79 प्रतिशत रहा। कुल 50539 परीक्षार्थियों में से 17583 पास हुए। सीनियर सेकेंडरी में 2 लाख 58 हजार 841 बच्चों ने परीक्षा दी थी।
इसमें से 1 लाख 39 हजार 659 ने सफलता हासिल की। परीक्षा में 1 लाख 47 हजार 27 छात्रों में से 67461 (45.88 फीसदी) और 1 लाख 11 हजार 814 छात्राओं में से 72198 (64.57) उत्तीर्ण रहीं। व्यक्तिगत श्रेणी में 37.86 बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें 29036 ने परीक्षा दी थी, जिसमें 10993 पास घोषित हुए।
10वीं में शहर, 12वीं में गांव आगे
बारहवीं की परीक्षा में गांवों ने शहरी क्षेत्र को पीछे छोड़ दिया है। ग्रामीण क्षेत्र के 54.49 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 52.79 फीसदी रहा। उधर, दसवीं में शहरी बच्चे आगे रहे। शहरी इलाके का रिजल्ट 43.02 और ग्रामीण क्षेत्र का 40.74 फीसदी रहा।
प्राइवेट-एडेड आगे, राजकीय फिसड्डी
सूबे के राजकीय स्कूलों का रिजल्ट इस बार भी खराब रहा है। 10वीं में इन स्कूलों के 30.32 फीसदी बच्चे ही उत्तीर्ण हो पाए। इनके सापेक्ष प्राइवेट स्कूलों के 53.61 और एडेड स्कूलों के 49.61 बच्चे उत्तीर्ण हुए। वहीं 12वीं में एडेड स्कूलों के 58.62, प्राइवेट के 55.69 और राजकीय स्कूलों के 51.57 प्रतिशत बच्चे सफल रहे।
----
महेन्द्रगढ़ टॉप, मेवात फिसड्डी
बोर्ड परीक्षाओं में महेन्द्रगढ़ जिला प्रदेश भर में टॉप पर रहा है। सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी दोनों ही वर्गों में महेन्द्रगढ़ का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा। वहीं मेवात जिला सबसे फिसड्डी साबित हुआ है। पिछली बार 12वीं में सबसे ऊपर रहा झज्जर चार पायदान नीचे खिसक पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भिवानी चौथे से 17वें, रोहतक 5वें से 16वें, रेवाड़ी 6वें से 14वें, गुड़गांव 9वें से 19वें स्थान पर खिसक गया है। वहीं 10वीं में तीन स्थान ऊपर चढ़कर महेन्द्रगढ़ ने पहला स्थान पाया।
भिवानी दूसरे से पांचवें, झज्जर तीसरे से दूसरे, सोनीपत पहले से तीसरे, रोहतक पांचवें से छठवें, गुड़गांव सातवें से 13वें स्थान पर पहुंच गया। मेवात जिले ने पिछले वर्ष 9वें पायदान पर आकर टॉप-10 में जगह बनाई थी, जो अबकी 21वें स्थान पर है।