बीएड काउंसलिंग के पहले से दिन सर्वर डाउन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए काउंसलिंग तो शुरू हो गई लेकिन हर बार की तरह सर्वर डाउन होने से प्रक्रिया लंबी खिंच गई। प्रदेश भर के बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए शुरू हुई काउंसलिंग दस के बजाय 10.30 बजे शुरु हुई।
अभी प्रक्रिया शुरु हुई थी कि दोपहर होते-होते सर्वर डाउन हो गया, इसके कारण देर शाम तक काउंसलिंग चली। इस दौरान भीषण गर्मी में अभ्यर्थी काउंसलिंग केंद्र के बाहर इधर-उधर धूप से बचने के लिए छांव तलाशते रहे। लखनऊ के दो काउंसलिंग केंद्र पर केवल 350 लोगों को बुलाया गया था, इस वजह से अफरा-तफरी की स्थिति नहीं रही।
कला एवं शिल्प महाविद्यालय में शुरू हुई काउंसलिंग के लिए लखनऊ में दो केंद्र बनाए गए हैं। दोनों केंद्रों पर कुल मिलाकर 350 अभ्यर्थियों को ही बुलाया गया था। काउंसलिंग के लिए इस साल प्रदेश भर में 19 केंद्र बनाए गए हैं।
प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों और 1752 महाविद्यालयों की 1,79,100 बीएड सीटों पर अभ्यर्थियों को दाखिला दिया जाएगा। इनमें 7,670 सीटें वित्तपोषित और बाकी सेल्फ फाइनेंस हैं। फीस कम होने के कारण ज्यादा मारामारी अनुदानित सीटों पर दाखिले को लेकर ही है।
03 साल के लिए मान्य आय प्रमाणपत्र
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड के राज्य समन्वयक प्रो. वाई के शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों के आय प्रमाणपत्र जारी होने की तिथि से तीन साल तक के लिए मान्य होंगे। जाति प्रमाणपत्र हमेशा के लिए मान्य होगा।
असल में शुक्रवार को कई अभ्यर्थियों ने आय प्रमाणपत्र की तिथि को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया। राज्य समन्वयक ने साफ इंकार करते हुए कहा कि आय प्रमाणपत्र तीन साल तक के लिए मान्य होता है और किसी को इसके लिए परेशान नहीं होना पड़ा है।
5001 से 12 हजार रैंकवालों की काउंसलिंग आज
काउंसलिंग मंगलवार को भी जारी रहेगी। 5001 से 12 हजार तक की रैंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। प्रदेश में किसी भी केंद्र पर काउंसलिंग करा सकते हैं।
काउंसिलिंग के विभिन्न चरण
1- टोकन आवंटन
2- शैक्षणिक अभिलेखों का सत्यापन
3 -काउंसलिंग शुल्क 500 रुपये और अग्रिम फीस के 5000 रुपये जमा (500 का डीडी वित्त अधिकारी एलयू के नाम बनेगा।)
4- अभ्यर्थियों को पिन देता है एनआईसी, इससे कहीं भी बैठकर सीट लॉक कर सकते हैं।
5- तीन दिनों के अंदर चॉइस लॉकिंग
6- महाविद्यालय द्वारा आवंटन की घोषणा
7- बकाया शुल्क जमा करना और कंफर्मेशन लेटर निकालना (डीडी वित्त अधिकारी एलयू के नाम बनेगा।)
8- आवंटित महाविद्यालय में तीन दिन के अंदर रिपोर्ट करना