कॉलेज परीक्षाओं के लिए करें आवेदन, ये रहा शेड्यूल
हिमाचल के कॉलेजों में सीबीसीएस (रूसा) के तहत ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले, तीसरे और पांचवें सत्र की परीक्षा के लिए ऑनलाइन फार्म भरे जा रहे हैं। सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 अक्तूबर से शुरू होंगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ई-परीक्षा फार्म उपलब्ध करवा दिए गए है।
प्रदेश विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने इन सेमेस्टर में पढ़ रहे स्टूडेंट्स, कॉलेज और संस्थान प्रमुखों से जल्द से जल्द ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया को पूरा करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 16 अक्तूबर से बीए, बीएससी, बीकॉम, शास्त्री, बीए/एलएलबी आनर्स के फॉर्म भरे जा रहे हैं।
इन विषयों के भी भरे जाएंगे फॉर्म
बीटीए (एफवाइसीटीए) प्रथम, तृतीय और पांचवें अंतिम सेमेस्टर, बीएससी ऑनर्स बायोटेक्नालॉजी, माइक्रोबायोलॉजी के साथ बीबीए, बीसीए, बीपीई प्रथम तृतीय सेमेस्टर और इक्डोल के तहत यूजी कोर्स कर रहे पहले, तीसरे और पांचवें सत्र की परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाने हैं। कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट wwww.hpuniv.hp.gov.in पर ई परीक्षा फार्म उपलब्ध करवाए गए है।
हर छात्र को हर सेमेस्टर के लिए अलग से परीक्षा फार्म भरना होगा, जिसमें वह बैठना चाहते हैं। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य और संस्थान प्रमुखों से आह्वान किया कि वे अपने संस्थान में इन सेमेस्टर में प्रवेश लेने के बाद अध्ययनरत छात्रों के ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया को पूरा करवाएं। फार्म रूसा के तहत तय किए गए नियमों के तहत भरे जाएं।
संस्थान प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि हर छात्र ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने के बाद कॉलेज में उसकी हार्ड कॉपी जमा करवाए। इसे फार्म भरने के बाद डाउनलोड किया गया हो। कॉलेज और संस्थान प्रमुख से जांच और सत्यापित करवाने के बाद विवि भेजा जाना सुनिश्चित करें।