इंजीनियरिंग में दाखिला लेना है तो ये खबर जरूर पढ़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के इंजीनियरिंग कालेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू हो रही है। पेक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी सहित शहर के अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों में जेईई (मेन) टेस्ट ऑल इंडिया रैंक के आधार पर होगा।
इस साल भी तीन बार ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद विद्यार्थी 6 से 13 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट www.chdenggadmissions.nic.in पर होगी।
15 से 18 जुलाई तक विद्यार्थी ऑनलाइन अपनी पसंद भर पाएंगे। 20 जुलाई को पहले राउंड की सीट अलॉटमेंट होगी। वेबसाइट पर जुलाई के पहले सप्ताह में दाखिले को लेकर पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
1200 रुपये फीस जमा करानी होगी
छात्रों को आवेदन के साथ काउंसलिंग फीस के तौर पर जमा करानी होगी। एचडीएफसी बैंक की किसी भी शाखा में छात्रों को ई चालान के माध्यम से 1200 रुपये फीस जमा करानी होगी।
डिफेंस और स्पोर्ट्स कोटे के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हार्ड कॉपी डॉ.एसएस भटनागर यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पंजाब यूनिवर्सिटी में 16 जुलाई तक जमा करानी होगी।
ऑनलाइन काउंसलिंग होने से छात्रों को वेबसाइट पर ही यह पता चल जाएगा कि उन्हें किस कालेज में कौन सी स्ट्रीम अलॉट हुई है। उन्हें सिर्फ संबंधित संस्थान में फीस जमा करने ही जाना होगा।
ऑनलाइन काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेंगे
पेक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी), चंडीगढ़ कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी), डॉ.एसएस भटनागर यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसएसबीयूआईसीईटी), चंडीगढ़ कालेज ऑफ आर्किटेक्चर और पीयू के होशियारपुर स्थित क्षेत्रीय केंद्र में बीई में दाखिले के लिए संयुक्त काउंसलिंग होती है। सिर्फ रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थी ही ऑनलाइन काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेंगे।
पेक में 115 सीटें बढ़ीं
पेक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में इस साल सीटें बढ़ा दी गई हैं। पेक में पिछले साल तक 390 सीटें थीं। इस साल 115 सीटें बढ़ने के बाद पेक में अब 505 सीटें हो गई हैं।
सिविल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रानिक्स और मेकेनिकल में 15-15 सीटें बढ़ाई गई और और इन सभी स्ट्रीम्स में सीटों की संख्या 60 से बढ़कर 75 हो गई है। एरोस्पेस इंजीनियरिंग में सीटों की संख्या 20 से बढ़कर 30 और मैटलर्जी में 40 से बढ़कर 60 हो गई है। प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में सीटों की संख्या 30 से बढ़कर 40 हो गई है। सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए चंडीगढ़ के कोटे के तहत 179 और ऑॅल इंडिया कोटे के तहत 175 सीटें होंगी। बाकी की सीटें आरक्षित होंगी।