कैट में लौटा दस साल पुराना दौर, चेहरे खिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के लिए रविवार को हुए कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के सवालों में दस साल पुराना दौर नजर आए। ऑनलाइन परीक्षा देने आए छात्रों को आसान सवालों ने खुश कर दिया। बचे हुए अभ्यर्थियों के लिए 22 नवंबर को परीक्षा होगी।
कैट में इस बार 100 सवाल पूछे गए, जबकि पिछले साल 60 सवाल आए थे। प्रथम द्वितीय सेक्शन में 50-50 सवाल शामिल थे। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार पेपर का पैटर्न वर्ष 2003 व 2004 की तरह नजर आया। एक सवाल सही करने पर तीन अंक और गलत करने पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग रही।
आईआईएम की ओर से पहले ही अपनी वेबसाइट पर दिए गए डमी वीडियो की वजह से अभ्यर्थियों को पेपर देने में आसानी हुई। गत वर्ष 60 सवालों को हल करने में 140 मिनट मिले थे और इस वर्ष 100 सवालों के लिए 170 मिनट मिले। यह परीक्षा दून में जेबीआईटी, डीबीआईटी, माया इंस्टीट्यूट और यूआईटी में दो पालियों में आयोजित हुई।
155 तक रह सकती है कटऑफ
करियर लांचर के चीफ मेंटर और परीक्षा देने वाले आशीष गोयल ने बताया कि जिस अभ्यर्थी ने 60 से 65 प्रश्न 85 प्रतिशत तक एक्यूरेसी के साथ हल कर लिए होंगे, उसके लिए सफलता की राह आसान होगी।
उन्होंने बताया कि इस लिहाज से 145 से 155 अंक पाने वाले अभ्यर्थी कैट क्रैक कर सकते हैं।
आधे ही पहुंचे रिएग्जाम में
कर्मचारी चयन आयोग की ओर से दून में 13 केंद्रों पर कंबाइंड ग्रेजुएशन लेवल रिएग्जाम आयोजित हुआ। इसमें आधे अभ्यर्थी ही पहुंचे। पहली पाली में 4964 अभ्यर्थियों में से 2788 उपस्थित और 2176 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 4958 में से 2243 उपस्थित और 2715 अनुपस्थित रहे।