DU: जाट, गुर्जर, और ग्लैमर के साथ हावी पूर्वांचली फैक्टर
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनावी दंगल में पहली बार ताल ठोंक रही आम आदमी पार्टी की छात्र विंग सीवाईएसएस (छात्र युवा संघर्ष समिति) ने अपने पैनल में जाट, गुर्जर, ग्लैमर के साथ-साथ पूर्वांचली समीकरण भी बैठाया है।
पैनल के लिए जो चार नाम तय हुए हैं, उनमें एक गुर्जर, एक पूर्वांचली और एक जाट शामिल हैं। वहीं ग्लैमर कार्ड का इस्तेमाल करते हुए संगठन पहली बार में ही दो लड़कियों को चुनाव में उतारने जा रहा है।
सूत्र के अनुसार, पीजीडीएवी कॉलेज के कुलदीप विधूड़ी (गुर्जर), राहुल राज आर्यन (पूर्वांचली), सत्यवती कॉलेज की हितांशी चौहान (बाहरी दिल्ली), हिंदू कॉलेज की गरिमा राणा (जाट) चुनावी रण में किस्मत अजमा सकते हैं।
छूट न जाए कोई चुनावी कार्ड!
सीवाईएएस ने पैनल का समीकरण इस तरह से बैठाया है कि पूर्वांचली छात्रों के वोट भी हासिल किए जा सकें। कई सालों बाद किसी संगठन के पैनल में पूर्वांचली नाम देखने को मिला है।
पूर्वांचली कार्ड के रुप में एबीवीपी ने सालों पहले किराड़ी से विधायक रहे अनिल झा को मैदान में उतारा था। उन्होंने इसका लाभ उठाते हुए जीत भी हासिल की थी।
वहीं एबीवीपी ने गौरव पांडेय के जरिए भी पूर्वांचली कार्ड खेला था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी थी। वहीं आखिरी बार एनएसयूआई ने 2007 में तो एबीवीपी ने वर्ष 2010 में अपने पैनल में दो-दो लड़कियों को जगह दी थी।
हालांकि आइसा और इनसो जैसे संगठन ऐसा करते रहे हैं। हालांकि अन्य संगठनों एबीवीपी, एनएसयूआई, आइसा, इनसो जैसे संगठनों ने अपने अंतिम चार नाम तय नहीं किए हैं।