डीयू: पढ़िए, दाखिले की पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्ववविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2014-15 के तहत दाखिले की दौड़ दो जून से शुरू होने जा रही है। दाखिले की इस रेस के तहत 16 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।
विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑडिनेटर डॉ. मलय नीरव ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीयू में दो जून से शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया में स्नातक की 54 हजार सीटों पर दाखिले होंगे।
आवेदन के जरिए एक ही ओएमआर फॉर्म में 61 कॉलेज व एक विभाग के व 40 कोर्सेज के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
ऑफलाइन आवेदन हो गया महंगा
इस बार दाखिला प्रक्रिया में ऑफलाइन आवेदन महंगा होगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क बीते साल की तरह ही सौ रुपये रहेगा।
जबकि ऑफलाइन आवेदन बीते साल के मुकाबले में 50 रुपये महंगा पड़ेगा। बीते साल फॉर्म के 100 रुपये चुकाने होते थे इस बार आवेदन फॉर्म 150 रुपये का होगा।
इस बार ऑनलाइन आवेदन के लिए सामान्य व ओबीसी श्रेणी के छात्रों को 100 रुपये का भुगतान करना होगा। विकलांग व अनुसूचित जाति जनजाति के छात्रों को 50 रुपये का भुगतान करना होगा।
इन 18 सेंटरों से मिलेंगे फॉर्म
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो जेएम खुराना ने बताया कि इस बार आवेदन फॉर्म के लिए सेंटरों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। अब तक डीयू के 12 सेंटरों पर फॉर्म मिलते थे इसबार यह 18 सेंटरों पर मिलेंगे। दाखिला फॉर्म केलिए साथ 150 रुपये सामान्य व ओबीसी आवेदकों को चुकाने होंगे। जबकि विकलांग व अनुसूचित जाति-जनजति के आवेदकों को इसके लिए 70 रुपये चुकाने होंगे।
फॉर्म 2 जून से 16 जून तक नार्थ दिल्ली (दौलत राम कॉलेज, हंसराज कॉलेज, खालसा कॉलेज, आईपी कॉलेज, स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज), साउथ दिल्ली (आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज, गार्गी कॉलेज, पीजीडीएवी कॉलेज, दयाल सिंह, देशबंधु कॉलेज), पूर्वी दिल्ली (श्याम लाल कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, स्वामी विवेकानंद कॉलेज), पश्चिमी दिल्ली (राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लॉयड साइंस) और सेंट्रल दिल्ली (जाकिर हुसैन कॉलेज, कालिंदी कॉलेज) के इन्हीं 18 केंद्रों पर मिलेगा।
21 मई से शुरू होंगे ओपन डेज सेशन
दाखिला प्रक्रिया से जुड़े के सवालों के जवाब पाने के लिए इस बार ओपन डेज 21 मई से शुरू होंगे। 21 व 22 मई को यह सेशन नार्थ कैंपस के कांफ्रेंस सेंटर में होंगे।
इसके बाद 23 व 24 मई को साउथ कैंपस में इनका आयोजन होगा। वहीं 26 मई से 30 मई तक फिर से यह ओपन डेज नार्थ कैंपस में आयोजित किए जाएंगे।
दस कट ऑफ जारी होगी
पहली लिस्ट...............24 जून (नौ बजे)
दाखिले व फीस...............24 से 26 जून
दूसरी लिस्ट...............27 जून (नौ बजे)
दाखिले व फीस...............27 जून से 30 जून
तीसरी लिस्ट...............1 जुलाई (नौ बजे)
दाखिले व फीस...............1 जुलाई से 3 जुलाई
जरूरत होने पर
चौथी लिस्ट...............4 जुलाई(नौ बजे)
दाखिले व फीस...............4 जुलाई से 7 जुलाई
पांचवीं लिस्ट...............8 जुलाई (नौ बजे)
दाखिले व फीस...............8 जुलाई से 10 जुलाई
छठी लिस्ट...............11 जुलाई (नौ बजे)
दाखिले व फीस...............11 व 12 जुलाई
सातवीं लिस्ट(जरूरत पर)...............14 जुलाई
दाखिले व फीस...............14 व 15 जुलाई
आठवीं लिस्ट...............16 जुलाई
दाखिले व फीस...............16 व 17 जुलाई
नौवीं लिस्ट...............18 जुलाई
दाखिले व फीस...............18 जुलाई व 19 जुलाई
दसवीं लिस्ट...............21 जुलाई
दाखिले व फीस...............21 व 22 जुलाई
जबकि फीस जमा करने का समय सुबह की पाली के कॉलेजों में सुबह 9 बजे से 1 बजे तक। शाम की पाली के कॉलेजों में शाम 4 बजे से 7 बजे तक होगा।
कॉलेजों की मनमानी पर रोक
दिल्ली विवि में 2014-15 सत्र में होने वाले दाखिले की दौड़ में अब कॉलेज की मनमानी नहीं चलेगी। विवि प्रशासन ने दाखिले के लिए एक समान पॉलिसी लागू कर दी है।
अब कॉलेज अपने मुताबिक एडिशनल एलिजिबेलिटी क्राइटेरिया छात्रों पर नहीं लगा सकेंगे। नई पॉलिसी के मुताबिक अब जो नियम एसआरसीसी कॉलेज में बैचलर विद आनॅर्स इन कॉमर्स के लिए होगा वही नियम किसी अन्य कॉलेज में भी होगा।
ऐसी होगी नई पॉलिसी
डीयू के विभिन्न कॉलेजों के लिए लागू बेस्ट फोर निर्धारण का फॉर्मूला ह्यूमैनिटीज व कॉमर्स पाठ्यक्त्रस्मों पर लागू होगा। जबकि साइंस कोर्सेज व मैथमेटिकल साइंसेस कोर्सेज में बीते सालों की तरह ही दाखिले होंगे। नई पॉलिसी के मुताबिक कॉलेजों की ओर से जारी होने वाली बेस्ट फोर की कटऑफ में एक भाषा, एक ऐसा एकेडमिक विषय जिसमें की छात्र ऑनर्स कोर्स करना चाहता है और शेष दो एकेडमिक विषयों के आधार पर दाखिला होगा।
डीन छात्र कल्याण प्रो. जेएम खुराना ने बताया कि इस बार इकोनॉमिक्स(अर्थशास्त्र) में दाखिले केलिए गणित विषय को अनिवार्य बनाया गया है। जबकि कॉमर्स में दाखिले के लिए गणित की अनिवार्यता नहीं रहेगी। वहीं यदि किसी को भाषा में दाखिला लेना होगा तो हिंदी व अंग्रेजी ऑनर्स में दाखिले के लिए आवेदक द्वारा इन भाषाओं का अध्ययन किया होना जरूरी बनाया गया है। अन्य भाषा पाठ्यक्रम फिर वो चाहे विदेशी भाषाएं हो या फिर संस्कृत व उर्दू के लिए विद्यार्थी इन्हें स्कूल में पढ़ाना होना जरूरी नहीं होगा।
12वीं में वोकेशनल विषयों को पढ़ने वालों को लाभ
इस बार ऐसे छात्रों को लाभ मिलेगा जिन्होंने 12वीं में वोकेशनल कोर्सेज की पढ़ाई की होगी। फैशन डिजाइनिंग, फाइनेंस मैनेजमेंट व मास मीडिया सरीखे वोकेशनल विषयों को बारहवीं में पढ़ने वाले छात्रों को लाभ मिलेगा। यह फायदा पाने के लिए उन्हें संबंधित विषय के प्राप्तांकों में 10 अंकों की कमी करनी होगी। फिर भी अब बैचलर विद ऑनर्स इन कॉमर्स सरीखे पाठ्यक्रम में भी छात्र एक भाषा व तीन वोकेशनल पाठ्यक्त्रस्मों के माध्यम से दाखिला पा सकेंगे। अभी ऐसा नहीं हो पाता था।
प्रो जेएम खुराना ने बताया कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध करीब 40 ऑनर्स कोर्सेज को छोड़कर शेष सभी विषय नॉन एकेडमिक विषय होंगे। वहीं म्यूजिक, फिजीकल एजुकेशन व होम साइंस की बात है तो बारहवीं तक पढ़ाए जाने वाले इन वोकेशनल विषयों को जब स्टूडेंट डीयू में इन ही विषयों से जुड़े ऑनर्स पाठ्यक्त्रस्म में दाखिले के लिए प्रयोग करेगा तो यह एकेडमिक कोर्स में गिने जाएंगे। लेकिन यदि छात्र किसी पाठ्यक्रम जैसे राजनीति विज्ञान या फिर इतिहास ऑनर्स में दाखिले के इन्हें बेस्ट फोर में जोड़ेगा तो इन्हें वोकेशनल कोर्स में जोड़ा जाएगा।
इनको मिलेगी कट ऑफ में दो फीसदी की कमी
अब नई व्यवस्था के मुताबिक यदि किसी छात्र ने ऑनर्स संबंधी कोर्स की पढ़ाई 12वीं में नहीं की होगी और वह यह कोर्स लेने का इच्छुक होगा तो उसकी कटऑफ में दो फीसदी की कमी होगी। इस तरह से किसी भी बैचलर विद ऑनर्स में दाखिला पाने के लिए छात्र का बारहवीं में उससे संबंधित विषय का पढ़ा होना जरूरी होगा।
यदि ऐसा नहीं होता है तो इस तरह की स्थिति में छात्रों को बारहवीं में मिले अंकों के आधार पर निर्धारित बेस्ट ऑफ फोर में दो फीसदी की कटौती कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर मल नीरव ने बताया कि भाषा संबंधी विषय में हिंदी व अंग्रेजी के मामले में यदि कोर श्रेणी से पढ़ाई की होगी तो कोई कमी नहीं होगी। वहीं इलेक्टिव श्रेणी में पढ़ाई करने पर दो फीसदी का लाभ मिलेगा और फंक्शनल श्रेणी में 2 फीसदी की कटौती होगी।