डीएवी में 'मारामारी', एक सीट के 7 'दावेदार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में प्रथम वर्ष के दाखिलों के लिए मारामारी का आलम है। सिर्फ 3800 सीटों के लिए महज तीन दिन में ही 25 हजार मेरिट फॉर्म बिक चुके हैं। मतलब औसतन एक सीट के लिए 7 लोगों ने आवेदन किया है। शनिवार (आज) को फॉर्म प्राप्त करने और जमा करने का अंतिम दिन है।
डीएवी कॉलेज में पहले दिन नौ हजार, दूसरे दिन साढ़े पांच हजार और शुक्रवार को करीब सवा नौ हजार मेरिट फॉर्म बिके। इस तरह हर एक सीट पर करीब छह दावेदार हो चुके हैं।
कॉलेज प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने बताया कि शनिवार को प्रथम वर्ष के लिए फॉर्म बिक्री और जमा करने का अंतिम दिन है। इसके बाद कोई फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगले दो दिन में मेरिट लिस्ट तैयार कर ली जाएगी। दो सितंबर को मेरिट से दाखिले समाप्त कर दिए जाएंगे। इसके बाद छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दूसरी ओर, कॉलेज में बीएड की मेरिट सूची 25 अगस्त को जारी की जाएगी।
सभी कॉलेज बंद कराएंगे छात्र
एसजीआरआर पीजी कॉलेज के बाद अब डीएवी कॉलेज ने भी ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए मेरिट फॉर्म में अलग स्थान बनाया है। उन्हें मेल, फीमेल के साथ जगह दी गई है। प्राचार्य के मुताबिक यूजीसी के निर्देशों के तहत ट्रांसजेंडर छात्रों को उनकी अपनी पहचान जाहिर करने का अधिकार दिया गया है।
एडमिशन पर राज्य सरकार की घोषणाएं अब तक पूरी न होने से खफा डीएवी कॉलेज की छात्र संघर्ष समिति सोमवार को राजधानी के सभी निजी, सरकारी कॉलेजों को बंद कराएगी।
शुक्रवार को कॉलेज के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा ने बताया कि शनिवार शाम कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
सोमवार को कॉलेज बंद किए जाएंगे। कहा कि मेरिट व्यवस्था का खेल निजी कॉलेजों के लिए रचा गया है। निजी कॉलेज महंगी फीस पर अपने यहां बीए, बीएससी, बीकॉम जैसे कोर्स चलाना चाहते हैं। इस दौरान अंशुल चावला, जोगेंद्र रावत, सतीश मोहन पंत, महेंद्र राणा, देवांशु भंडारी, जितेंद्र कुमार रिंकू, अंकित जोशी, विकास नेगी, प्रभाकर आदि मौजूद रहे।
साईं इंस्टीट्यूट में बीकॉम शुरू
र्साइं इंस्टीट्यूट में इस बार बीकॉम कोर्स शुरू होने जा रहा है। संस्थान के चेयरमैन हरीश अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश के महाविद्यालयों में दाखिला संकट के बीच यह कोर्स श्रीदेव सुमन विवि से संबद्धता लेकर शुरू किया गया है। बताया कि 120 सीटों के लिए एडमिशन शुरू हो गए हैं। खास बात यह होगी कि संस्थान में कम फीस पर बीकॉम के साथ ही छात्रों को सीए की कोचिंग भी मिल सकेगी। इससे सामान्य कोर्स भी रोजगारपरक बन जाएगा।