इन कॉलेजों में भरी जाएंगी बीएड की सीटें, काउंसलिंग शेड्यूल जारी
प्रदेश के निजी बीएड कॉलेजों में खाली सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल एचपीयू ने जारी कर दिया है। निजी कॉलेजों में खाली रह गई सैकड़ों सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग का यह दूसरा चरण है। हालांकि, खाली सीटों पर काउंसलिंग के लिए पहले ही सहमति बन गई थी। शनिवार को कुलपति ने भी काउंसलिंग करवाने के लिए हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए रास्ता साफ हो गया है।
जारी शेड्यूल के अनुसार एचपीयू में 10 और 11 दिसंबर को काउंसलिंग की जाएगी। सुबह दस बजे छात्रों को अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ एचपीयू पहुंचना होगा। काउंसलिंग के बाद जिन आवेदकों का मेरिट के आधार पर दाखिला होगा। उन्हें ऑन द स्पॉट 28 हजार 575 रुपये जमा करवाने होंगे। इसके अलावा दो सौ रुपये काउंसलिंग फीस के रुप में भी जमा करवाने होंगे। एचपीयू ने काउंसलिंग शेड्यूल को वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है। अधिक जानकारी के लिए छात्र www.hpuniv.in लॉगइन कर सकते हैं।
ये रहेगा शेड्यूल
बीएड के पहले चरण की काउंसलिंग के बाद प्रदेश के निजी बीएड कॉलेजों में सैकड़ों सीटों खाली रह गई हैं। कई कॉलेजों में गिनती के दाखिले हुए हैं। निजी बीएड संचालक उम्मीद जता रहे हैं कि दूसरे चरण की काउंसलिंग के बाद खाली सीटों पर छात्र मिल जाएंगे।
10 दिसंबर को ऐसे छात्र काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने बीए, बीएससी और बीकॉम में 60 फीसदी अंक हासिल किए हैं या जो बीएड की प्रवेश परीक्षा में बैठे हों।
11 जनवरी को सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी सहित दूसरे श्रेणी के छात्रों के लिए काउंसलिंग रखी गई है। सामान्य श्रेणी के लिए स्नातक में 50 फीसदी और दूसरी श्रेणी के छात्रों के लिए 45 फीसदी की शर्त रहेगी।