20 वर्ष ही रहेगी क्लैट में आवेदन करने की आयु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देशभर की 16 लॉ यूनिवर्सिटीज में दाखिले के लिए आयोजित होने वाले कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 2015 में आवेदन के लिए अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 20 वर्ष ही रहेगी। क्लैट कमेटी की मंगलवार को हुई बैठक में विभिन्न लॉ यूनिवर्सिटीज ने दो टूक कहा कि वह स्वायत्त संस्थान हैं और अपने यहां पर दाखिले के लिए क्या नियम होने चाहिए, इसे तय करने की उन्हें पूरी छूट है।
ऐसे में अगर बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने अधिकतम आयु सीमा जो अभी तक 20 वर्ष थी, उसे खत्म कर दिया है तो भी हम इसे बदलेंगे नहीं। वहीं क्लैट में शामिल होने वाली यूनिवर्सिटीज को आरक्षण व्यवस्था अपने-अपने राज्य में लागू आरक्षण के नियमों के अनुसार लागू करने की भी छूट रहेगी।
क्लैट का आयोजन करवा रही डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ने सभी विवादों से बचने के लिए एक सीधा रास्ता निकाला है कि वह एडमिशन टेस्ट करवाएगा और मेरिट व स्टूडेंट्स की चॉइस के अनुसार रिजल्ट घोषित कर देगा।
क्लैट की वेबसाइट हुई शुरू
डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. गुरदीप सिंह ने कहा कि सभी लॉ यूनिवर्सिटी स्वायत्त हैं। हम क्लैट को लेकर किसी भी तरह के विवाद में नहीं पड़ेंगे। हमारा काम क्लैट की ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा करवाना है और स्टूडेंट्स की चॉइस व मेरिट के अनुसार उसे लॉ यूनिवर्सिटी अलॉट कर देनी है।
मालूम हो कि क्लैट में आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा व आरक्षण व्यवस्था को लेकर विभिन्न लॉ यूनिवर्सिटीज के बीच असमंजस की स्थिति थी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने अपने नियम 28 में परिवर्तन करते हुए लॉ कोर्स में दाखिले की अधिकतम आयु सीमा जो कि 20 वर्ष थी उसे खत्म कर दिया था। इसके बाद यह मुद्दा उठा था कि आखिर लॉ यूनिवर्सिटीज में दाखिले के लिए अधिकतम आयु सीमा क्या तय की जाए।
लॉ यूनिवर्सिटीज में दाखिले के लिए आयोजित होने वाले कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 2015 की वेबसाइट www.clat.ac.in मंगलवार को शुरू हो गई। डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. गुरदीप सिंह ने बताया कि स्टूडेंट्स को क्लैट से जुड़ी सारी जानकारियां इस वेबसाइट पर मिलेंगी।
क्लैट के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म 1 जनवरी 2015 से मिलना शुरू होंगे। इस बार ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। यूनिवर्सिटी प्रशासन मई में ऑनलाइन क्लैट आयोजित करेगी।