अब कभी क्लास बंक नहीं कर पाएगा ‘पप्पू’
अब पॉलिटेक्निक में छात्र क्लास से गायब हुए तो इसकी सूचना तुरंत मम्मी-पापा के मोबाइल पर पहुंच जाएगी। यह मुमकिन होगा उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद (यूबीटीईआर) के आनलाइन अटेंडेंस सिस्टम से।
40 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरु हुआ प्रोजेक्ट
यूबीटीईआर ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में छह माह पहले इस सिस्टम को 40 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरू किया था।
परिषद की योजना अब निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों को भी इसके दायरे में लाने की है। शुरुआती दौर में इसका काफी विरोध भी हुआ लेकिन अब इसका असर नजर आने लगा है।
परिषद के अनुसार यह सिस्टम लागू होने के बाद छात्रों की उपस्थिति में काफी सुधार आया है।
ऐसे लगती है उपस्थिति
इस सिस्टम के तहत संस्थानों में रोजाना दो बार छात्रों की हाजिरी ऑनलाइन दर्ज होती है। ऑनलाइन एंट्री होते ही इसकी जानकारी एसएमएस से छात्र और अभिभावक के मोबाइल पर पहुंच जाती है।
इसके लिए छात्र और अभिभावकों को अपना मोबाइल नंबर संस्थान में दर्ज कराना होता है। पहली हाजिरी सुबह और दूसरी इंटरवल के बाद लगाई जाती है।
सरकारी संस्थानों में प्रोजेक्ट सफल रहने के बाद इसे सभी निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में भी लागू किया जा रहा है। परिषद का मकसद छात्रों की उपस्थिति 80 प्रतिशत तक लाना है।
- डीसी गुप्ता, प्राचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक, पित्थुवाला