Good News:: सीबीएसई टॉपर्स को देगा मुफ्त कोचिंग
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) अगले वर्ष से अपनी सभी परीक्षाओं की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर देगा।
इस निर्णय से सीधे तौर पर उन 65 लाख बच्चे व उनके अभिभावकों को फायदा होगा, जो आवेदन की ऑफलाइन प्रक्रिया के तनाव से गुजरते हैं।
साथ ही छात्राओं के लिए बड़ी योजना की शुरुआत करते हुए सीबीएसई देश भर में अपनी नई स्कीम उड़ान के तहत 50 केंद्र बना रहा है, जिनमें लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश में 3 केंद्र बनाए जाएंगे।
इनमें 10वीं में टॉप 1000 स्थानों पर आई लड़कियों को कक्षा 12 के बाद होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के लिए कोचिंग दी जाएगी।
रविवार को वरदान इंटरनेशनल स्कूल के उद्घाटन के लिए राजधानी आए बोर्ड के सचिव जोसेफ इमैनुअल ने यह जानकारियां दी।
जोसेफ ने बताया कि 2014-15 का सत्र पूरा होने तक सीबीएसई अपनी सभी परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म लेने की तैयारी कर चुका होगा।
इसमें 10वीं व 12वीं की परीक्षा के साथ- साथ एआईपीएमटी, जेईई व अन्य इंजीनियरिंग परीक्षाओं, सीटैट, नवोदय स्कूलों में प्रवेश परीक्षा, सीबीएसई-नेट आदि शामिल हैं। स्कूलों से कहा गया है कि वे अपने स्टूडेंट्स को ये सुविधाएं दें।
देशभर में होंगे 600 फेसिलिटेशन सेंटर
देश भर में चुने हुए स्थानों और स्कूलों में 600 फेसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं, जहां से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा और गाइडलाइंस ली जा सकती है।
जोसेफ ने नेशनल एलिजिबिटी टेस्ट का उल्लेख किया, जिसे सीबीएसई 28 दिसंबर को आयोजित करवाने जा रहा है। यूजीसी की इस परीक्षा को कराने का जिम्मा सीबीएसई को दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नेट की केवल एजेंसी बदली है, परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं है। साथ ही सीबीएसई यूपी के रायबरेली में सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू कर रहा है, जिसके भवन का निर्माण जल्द होगा। इसी तरह बाराबंकी के मोहम्मदीपुर में भी कॅरिअर काउंसलिंग सेंटर शुरू किया गया है।
जोसेफ ने बताया कि 10 वीं में टॉप एक हजार आई उन लड़कियों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी जिनके अभिभावकों की आय 6 लाख रुपए सालाना से कम है। उड़ान प्रोजेक्ट के लिए लखनऊ में इंदिरा नगर सेक्टर 14 स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्कूल को चुना गया है।