CBSE Result: ट्राइसिटी के 744 विद्यार्थी बने टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं की परीक्षा में इस साल ट्राइसिटी के विद्यार्थियों का पिछले सालों की तुलना में प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा। पिछले तीन सालों की तुलना में इस साल 10 क्यूमिलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (सीजीपीए) हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में गिरावट आई है।
सीबीएसई दसवीं का परिणाम मंगलवार शाम 4 बजे घोषित हुआ। पिछले साल जहां ट्राइसिटी के 1500 से अधिक छात्रों ने 10 सीजीपीए हासिल किए थे, वहीं इस साल ट्राइसिटी के 744 विद्यार्थियों ने ही 10 सीजीपीए हासिल किया है। हर स्कूल में इस साल 10 सीजीपीए हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या पिछले साल से कम हुई है।
इसकी वजह सीबीएसई की ओर से देरी से प्राब्लम सॉल्विंग असेसमेंट (पीएसए) का लागू होना है। स्कूल प्रिंसिपलों का कहना है कि पीएसए को 10 फीसदी वेटेज दी गई है और पीएसए देरी से लागू होने से छात्रों को दिक्कत आई है। इस वजह से 10 सीजीपीए हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में गिरावट आई है।
पीएसए को छात्र ठीक से समझ नहीं सके
मानव मंगल स्कूल के निदेशक संजय सरदाना ने कहा कि इस साल 10 सीजीपीए हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में इसलिए कमी आई है क्योंकि पीएसए को छात्र ठीक से समझ नहीं सके। इस साल चंडीगढ़ में सेक्टर-40 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के 79 विद्यार्थियों ने 10 सीजीपीए हासिल कर शहर में पहला स्थान हासिल किया है।
पिछले साल इस स्कूल के 84 विद्यार्थियों का 10 सीजीपीए था। सेक्रेड हार्ट-26 की 65 छात्राओं का इस साल 10 सीजीपीए रहा है। भवन विद्यालय-27 चंडीगढ़ के 45 विद्यार्थियों का 10 सीजीपीए रहा है। जबकि पिछले साल इस स्कूल के 74 विद्यार्थियों का 10 सीजीपीए था।
मानव मंगल हाई स्कूल, सेक्टर-26 के 32 विद्यार्थियों का इस साल 10 सीजीपीए है जबकि पिछले साल 36 विद्यार्थियों का सीजीपीए 10 था। सॉपिंस स्कूल-32 के 19 विद्यार्थियों का 10 सीजीपीए रहा है जबकि पिछले साल 22 छात्रों का 10 सीजीपीए था।
परसटेंज के लिए 9.5 से करें गुणा
दसवीं कक्षा में ग्रेडिंग सिस्टम लागू होने से वह सभी छात्र ‘टॉपर’ हैं, जिनका सीजीपीए 10 है। ऐसे में इस साल ट्राइसिटी के 744 विद्यार्थियों ने टॉप किया है।
सीबीएसई के फार्मूले के अनुसार जिन विद्यार्थियों का 10 सीजीपीए है, उनके 95 प्रतिशत अंक हैं। सीबीएसई के फार्मूले के अनुसार सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने के लिए उसे 9.5 से गुणा करना होगा।
इस साल ट्राइसिटी के अधिकतर विद्यार्थियों ने बोर्ड की परीक्षा की थी। इसके बाद भी यहां के प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा है।
दस सीजीपीए लेने वालों की झड़ी
डीपीएस-40------------79
भवन विद्यालय-27------45
मानव मंगल मोहाली----46
कार्मल कान्वेंट-9--------27
सेंट जोंस-26------------50
सेंट कबीर-26-----------26
मानव मंगल-21---------32
माउंट कार्मल-47--------16
सेक्रेड हार्ट-26-----------65
सॉपिंस स्कूल-32--------19
एकेसिप्स-41------------36
रयान इंटरनेशनल-49----20
केबीडीएवी-7-------------31