नेट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर
सीबीएसई नेट में इस बार पहले और दूसरे पेपर में आधे घंटे का ब्रेक दिया गया है। ऐसे में उम्मीदवार दूसरे पेपर में आराम से ओएमआर शीट भर सकेंगे। सीबीएसई ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा-2015 का सेशन और समय अधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। नेट 27 दिसंबर को लिया जाएगा। यह तीन सेशन में होगा। पहले नेट के पहले और दूसरे पेपर में ब्रेक नहीं मिलती थी। इसमें बदलाव करते हुए सीबीएसई ने इस बार पहले और दूसरे पेपर में करीब 30 मिनट का ब्रेक दिया है।
इससे उम्मीदवारों को राहत मिलेगी। पहले और दूसरे पेपर के लिए ओएमआर शीट अलग-अलग होती हैं। पहले पेपर समाप्त होने पर आनन-फानन में या एडवांस में दूसरे पेपर की ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र आवंटित किए जाते थे, लेकिन अब आराम से इन्हें आवंटित किया जा सकता है। उम्मीदवार भी आराम से ओएमआर शीट भरकर तय समय में प्रश्न बुकलेट को हल कर सकेंगे।
हिमाचल में परीक्षा के दो सेंटर
नेट के पहले सेशन में पहला पेपर सुबह साढ़े नौ से पौने 11 बजे होगा। दूसरे सेशन में दूसरा पेपर सवा 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक होगा। तीसरे सेशन में तीसरा पेपर दो बजे से साढ़े चार बजे तक होगा। पहले पेपर में 60 में से 50 प्रश्न हल करने होंगे। दूसरे पेपर में सभी 50 प्रश्न और तीसरे पेपर में सभी 75 प्रश्न अनिवार्य हैं। सीबीएसई की ओर से करवाई जा रही राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा के लिए हिमाचल में दो सेंटर बनाए गए हैं।
इनमें शिमला और धर्मशाला शामिल है। इधर, ए-वन सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के एमडी छोविंद्र ठाकुर ने बताया कि सीबीएसई नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर दिसंबर 2015 में नेट शेड्यूल की जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है। इसमें पहले और दूसरे पेपर में तीस मिनट का ब्रेक दिया गया है।