{"_id":"a404b7be0019bd0fe013a33c4e42b153","slug":"cbse-launches-saransh-web-portal-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"CBSE की पहल, अब घर बैठे रखें बच्चे के प्रदर्शन पर नजर","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
CBSE की पहल, अब घर बैठे रखें बच्चे के प्रदर्शन पर नजर
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Fri, 13 Nov 2015 09:34 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के प्रदर्शन पर अभिभावक अब घर बैठे नजर रख सकेंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रों के प्रदर्शन की समीक्षा करने को सारांश पोर्टल तथा मोबाइल ऐप विकसित की है। पोर्टल और ऐप के माध्यम से अभिभावक न केवल स्कूल से सीधे जुड़े रहेंगे, बल्कि अपने बच्चे के प्रदर्शन की तुलना स्कूल, राज्य, क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय स्तर पर भी कर सकेंगे।
विज्ञापन
सीबीएसई ने 9वीं से 12वीं तक के बच्चों के शिक्षकों और अभिभावकों को करीब लाने तथा उनकी प्रगति पर निगरानी रखने के उद्देश्य से पोर्टल तैयार किया है। इसकी मदद से अभिभावक और शिक्षक छात्रों की प्रगति की निगरानी कर उसके प्रदर्शन को सुधारने में मदद कर सकते हैं। इस पर बच्चे का पूरा शैक्षणिक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इसे जब चाहे देखा जा सकता है।
विज्ञापन
सीबीएसई की ओर से पोर्टल तथा ऐप की जानकारी स्कूलों को भेजी जा चुकी है। पोर्टल को saransh.nic.in लिंक के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है। पोर्टल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे किसी भी मोबाइल ब्राउसर से एक्सेस किया जा सके। इसका मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया गया है।
विज्ञापन
सीबीएसई अधिकारियों के मुताबिक स्कूल इसके माध्यम से किसी भी तरह की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचा सकेंगे। यदि अभिभावकों का कोई सवाल है तो वे संदेश के माध्यम से पूछ सकेंगे। इससे अभिभावकों को स्कूल आकर पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं होगी।
अभिभावक पंजीकरण करा कर पोर्टल से जुड़ सकते हैं। इसके लिए उन्हें बच्चे का पंजीकरण और रोलनंबर प्रयोग करना होगा। यूजर नेम, पासवर्ड उनके मोबाइल और ई मेल पर भेजा जाएगा। स्कूल की ओर से माता-पिता को प्रमाणित करने के बाद अभिभावक इस पर लॉग-इन कर सकेंगे।