कैट: उत्तराखंड में रविशंकर ने लहराया परचम
देश की सबसे बड़ी प्रबंधन प्रवेश परीक्षा कैट (कॉमन एडमिशन टेस्ट) के नतीजे जारी हो गए। परीक्षा में एक बार फिर देहरादून के युवाओं ने परचम लहराया है।
देर रात तक मिले नतीजों में रविशंकर ने सर्वाधिक 99.84 परसेंटाइल स्कोर किया है। हालांकि देर रात तक पूरी तरह रिजल्ट नहीं मिल पाया था। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कैट की वेबसाइट पर रिजल्ट जारी हो गया। जैसे ही अभ्यर्थियों ने रिजल्ट देखना शुरू किया तो वेबसाइट हैंग हो गई।
इसके बाद आठ बजे तक वेबसाइट नहीं चल पाई। वेबसाइट पर ज्यादा भार की वजह से अभ्यर्थी परेशान रहे। आठ बजे के बाद रुक-रुक कर वेबसाइट चलनी शुरू हुई। देर रात तक आए परिणामों में रविशंकर सर्वाधिक 99.84 परसेंटाइल के साथ पहले स्थान पर रहे।
99.81 परसेंटाइल के साथ अंकित श्रीवास्तव दूसरे और 99.79 परसेंटाइल के साथ चंद्रेश तीसरे स्थान पर रहे। रविवार तक पूरा परिणाम आने के बाद इसमें परिवर्तन हो सकता है। शीर्ष दस में कॅरियर लांचर से जुड़े नौ और टाइम से जुड़े एक छात्र का नाम शामिल है।
अब तक के शीर्ष 10 छात्र
छात्र ----- परसेंटाइल
रवि शंकर - 99.84
अंकित श्रीवास्तव - 99.81
चंद्रेश - 99.79
आदित्य अग्रवाल - 99.65
वरुण गुप्ता - 99.59
पुलकित मेहरोत्रा - 99.57
यश गुप्ता - 99.58
अनिकेत रॉय - 99.44
नौमान अली - 99.41
ऋषभ गुप्ता - 99.36
यहां 99 परसेंटाइल से ऊपर दाखिला
आईआईएम (भारतीय प्रबंधन संस्थान) में प्रवेश के लिए परसेंटाइल सबसे ज्यादा मायने रखती है। देश के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन संस्थान आईआईएम अहमदाबाद में केवल 99 परसेंटाइल से ऊपर स्कोर वाले छात्रों को ही मौका दिया जाता है।
आईआईएम बैंगलोर और आईआईएम कोलकाता में भी 99 परसेंटाइल से ऊपर पर ही एडमिशन का मौका मिल सकता है। हालांकि इन सभी आईआईएम की ओर से योग्य अभ्यर्थियों बुलावा आएगा।
अकादमिक रिकॉर्ड भी रखता है मायने
कई संस्थानों में अकादमिक रिकॉर्ड (10वीं, 12वीं और स्नातक) भी मायने रखता है। विशेषज्ञ अमित गोयल के मुताबिक, कई आईआईएम में परसेंटाइल के साथ ही अभ्यर्थी का बीते वर्षों की परीक्षाओं में कम से कम 80 प्रतिशत अंकों के उत्तीर्ण होना अनिवार्य होता है।