कुठाराघातः कैट के कारण 1130 टीचर्स की भर्ती अधर में
यूटी के गवर्नमेंट स्कूलों में जेबीटी टीचर्स के 498 पदों की भर्ती के मामले में कैट ने नई मेरिट लिस्ट पर अंतरिम आदेश तक रोक लगा दी है। साथ ही शिक्षा विभाग से इस मामले में 12 मई तक जवाब दायर करने को कहा है।
ऐसे में अब शिक्षा विभाग अगली सुनवाई तक किसी भी कोटे के तहत नियुक्ति नहीं कर सकेगा। जेबीटी टीचर्स की भर्ती में स्पोर्ट्स कोटे के लिए निर्धारित 5 फीसदी कोटे को शिक्षा विभाग ने बिना नोटिस जारी किए रद्द कर दिया था। इस पर स्पोर्ट्स कोटे की मेरिट लिस्ट जो पहले जारी की गई थी, उसे हटा लिया गया।
जेबीटी में स्पोर्ट्स कोटे के तहत 21 सीटें थी। विभाग के इस आदेश के बाद परीक्षा में भाग लेने वाले हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली, जयपुर के 9 कैंडिडेट्स ने कैट में इसके खिलाफ याचिका दायर की थी। उन्होंने स्पोर्ट्स कोटे को समाप्त करने के शिक्षा विभाग के आदेश को कैट में चुनौती दी थी।
1130 शिक्षकों की नियुक्ति का मामला अधर में
शहर के सरकारी स्कूलों में लगभग 1130 शिक्षकों की नियुक्ति का मामला अधर में दिख रहा है। मंगलवार को कैट ने जेबीटी भर्ती में स्पोर्ट्स कोटा खत्म किए जाने पर रोक लगा दी है।
उधर, टीजीटी शिक्षकों की लिखित परीक्षा में तीन सवालों के अंकों में गड़बड़ी के कारण विभाग ने फिलहाल मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। मामले में प्रशासनिक स्तर पर फैसला लिया जाना है।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से एनटीटी, जेबीटी और टीजीटी तीनों स्तर की भर्ती प्रक्रिया में देरी होना तय माना जा रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से एनटीटी और जेबीटी की मेरिट सूची में शामिल अभ्यार्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी हो चुकी थी।
जल्द ही कैंडिडेट्स को अप्वाइंटमेंट लेटर भी जारी होने थे। लेकिन जेबीटी स्पोर्ट्स कैटेगरी का मामला कैट में जाने से नियुक्ति प्रक्रिया रुक गई है।
टीजीटी अंक सूची में हो सकता है बदलाव
टीजीटी शिक्षकों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के अंकों की सूची कुछ रोज पहले जारी कर दी गई। कुछ कैंडिडेट्स ने जेबीटी और टीजीटी परीक्षा में एक जैसे 3 सवाल होने के बावजूद अलग-अलग अंक देने पर सवाल उठाए।
कैंडिडेट्स की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी अब इस मामले को लेकर माथापच्ची कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार टीजीटी लिखित परीक्षा की सूची में जरूरत पड़ने पर बदलाव हो सकता है।
शिक्षा सचिव ने तलब किया डीपीआई स्कूल को
मंगलवार को यूटी सचिवालय में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर उठे विवाद पर डीपीआई (स्कूल) और शिक्षा सचिव सर्वजीत सिंह के बीच लंबी मीटिंग का दौर चला। अधिकारी अब मेरिट लिस्ट को लेकर बीच का रास्ता निकालने की तैयारी में है। अधिकारियों को फिलहाल कुछ सूझ नहीं रहा है।
टीजीटी की लिखित परीक्षा के कुछ सवालों पर आपत्ति दर्ज की गई है। मामले को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। काबिल अभ्यर्थियों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। बेशक लिस्ट में कुछ बदलाव करना पड़े।
- कमलेश कुमार भादूडीपीआई स्कूल चंडीगढ़