खुशखबरी: इस यूनीवर्सिटी में एक साल में होगा पीजी
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में नए सत्र में ऑनलाइन मॉक कोर्स शुरू किए जाएंगे।
इनकी खासियत होगी इनका रोजगारपरक होना। इसमें कामकाजी लोग भी आसानी से दाखिला ले सकेंगे।
इतना ही नहीं पोस्ट ग्रेजुएशन की जो डिग्री दो साल में मिलती है, अगर आप ऑनलाइन पढ़ाई कर क्रेडिट अर्न कर लें तो एक वर्ष में पीजी कर सकते हैं।
शुरुआत में तीन विभागों से इनकी शुरुआत होगी, इसके बाद अन्य विभागों में मॉक कोर्स शुरू किए जाएंगे। एक जून को बीबीएयू में आयोजित होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी।
इन सभी पाठ्यक्रमों में छह माह के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। यह ऑनलाइन मॉक कोर्स चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के अनुसार डिजाइन किया गए हैं। बीबीएयू की वेबसाइट www.bbau.ac.in पर क्लिक करके आप हर बैठे-बैठे ही पढ़ाई कर सकेंगे।
यूजीसी ने लगाई मुहर
बीबीएयू में इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) डिपार्टमेंट, एनवॉयरमेंटल माइक्रोबॉयोलॉजी और मैनेजमेंट डिपार्टमेंट में ऑनलाइन मॉक कोर्स शुरू किए जाएंगे।
बीबीएयू के तीन विभागों में पीजी लेवल के यह कोर्स इसी सत्र से शुरू किए जाएंगे। इस पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने अपनी मुहर भी लगा दी है। अब इसे एकेडमिक काउंसिल में रखकर पास करवाया जाएगा।
बीबीएयू के प्रवक्ता डॉ. कमल जायसवाल ने बताया कि इन कोर्सेज की पढ़ाई 24 घंटे कभी भी की जा सकती है। इसका सबसे अधिक फायदा कामकाजी लोगों को होगा।
वे वेबसाइट को क्लिक करके कभी भी किसी समय ऑनलाइन कोर्स पढ़ सकेंगे और इसके पूरे पाठ्यक्रम को सीबीसीएस के अनुसार क्रेडिट्स में डिवाइड किया गया है और प्रत्येक क्रेडिट के घंटे भी निर्धारित होंगे।
इसके अलावा एकेडमिक काउंसिल की बैठक में विदेशी छात्रों के लिए अलग से छह प्रतिशत सीटें आरक्षित करने पर भी मुहर लगाई जाएगी। यह छह सीटें आरक्षण व्यवस्था से अलग निर्धारित की गई हैं।