पीएचडी करने वालों की दूर होगी अब हर अड़चन
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में अब स्टूडेंट्स को पीएचडी अवार्ड होने के लिए इंतजार नहीं करना होगा।
अभी तक डिपार्टमेंट स्तर पर रिसर्च डिग्री कमेटी द्वारा पीएचडी को अवार्ड किया जाता था। इसमें बाहर के एक्सपर्ट्स को भी बुलाया जाता था।
पीएचडी सबमिट होने और उसके बाद स्टूडेंट का साक्षात्कार होने के बावजूद कई महीनों तक पीएचडी सिर्फ इसलिए लटकी रहती थी कि रिसर्च डिग्री कमेटी का कोरम नहीं पूरा हो पाता था।
मगर अब बीबीएयू ने रिसर्च डिग्री कमेटी ऑफ यूनिवर्सिटी (आरडीसीयू) में बदलाव कर दिया है। अब कुलपति की अध्यक्षता में नई कमेटी बना दी गई है।
हर महीने तैयार होगी लिस्ट
बीबीएयू के प्रवक्ता डॉ. कमल जायसवाल ने बताया कि अब जो कमेटी बनाई गई है उसके चेयरमैन कुलपति प्रो. आरसी सोबती हैं।
इसके अलावा जिस फैकल्टी की पीएचडी अवॉर्ड हो रही है, उस फैकल्टी के डीन और संबंधित विभाग के अध्यक्ष के अलावा गाइड व को-गाइड को सदस्य बनाया गया है।
अब परीक्षा नियंत्रक इसके संयोजक होंगे। ऐसे में अब हर महीने जिन स्टूडेंट्स की पीएचडी अवार्ड होनी होगी, उनकी सूची तैयार कर ली जाएगी।