यूपीटीयू: आज मिलेगी मनपसंद ‘सरकारी सीट’
यूपी स्टेट एंट्रेंस एग्जाम (एसईई) के तहत चल रही अंतिम चरण की अतिरिक्त काउंसलिंग की च्वॉइस लॉकिंग सोमवार को खत्म हो गई। लिहाजा सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में मिलने वाली मनपसंद सीट का फैसला आज होगा। उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) 12 अगस्त देर शाम तक च्वॉइस फिलिंग के नतीजे जारी करेगी।
दरअसल, यूपीटीयू के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक, बीटेक बायोटेक, बीआर्क, एमबीए, एमसीए, सेकंड ईयर बीटेक डिप्लोमा (लेट्रल एंट्री), सेकंड ईयर बीटेक बीएससी (लेट्रल एंट्री) और एमसीए लेट्रल एंट्री समेत 8 कोर्सों की 1100 खाली सीटों पर 7500 छात्रों की किस्मत एनआईसी के सर्वर में लॉक हो गई है।
सीट आवंटन मंगलवार देर शाम घोषित हो जाएगा। प्रदेश के सभी 148 दस्तावेज जांच केंद्र चालू हैं, जिन पर 13 और 14 अगस्त को सीट कंफर्मेशन की प्रक्रिया चलेगी। छात्र और कॉलेजों के लिए यूपीटीयू आधिकारिक रूप से इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी करेगी ताकि फीस रिफंड कराने में छात्रों को परेशानी न हो।
ये होगी दाखिले की व्यवस्था
इस प्रक्रिया में अधिकांश छात्र ऐसे हैं जो पहले ही निजी कॉलेजों में दाखिला ले चुके हैं। इन छात्रों को नई सीट मिली तो पुरानी सीट के अलॉटमेंट लेटर, नई सीट का अलॉटमेंट लेटर और पुरानी सीट की फीस के रूप में जमा की गई 15 हजार रुपये की रसीद के आधार पर सीट पक्की की जाएगी।
फ्रेश रजिस्ट्रेशन वाले नए छात्र सीधे फीस जमा करेंगे। 13 से 14 अगस्त तक संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करनी है। पुराने कॉलेज में जमा फीस नए कॉलेज में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
दाखिले के अंतिम 4 दिन
छात्र जल्दी करें, यूपीटीयू के इंजीनियरिंग-मैनेजमेंट समेत 680 निजी कॉलेजों में बीटेक, बीआर्क, बीफार्मा, एमबीए, एमसीए समेत होटल मैनेजमेंट और फैशन डिजाइन के कोर्सों में दाखिले के अंतिम चार दिन बचे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कॉलेजों में 15 अगस्त को दाखिला प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। इसके बाद किसी भी स्तर या स्थिति में दाखिला नहीं होगा।