पूरा हो सकता है डीयू में पढ़ने का सपना
डीयू में शैक्षणिक सत्र 2014-15 में दाखिले की दौड़ ने सोमवार से एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली। ज्यादातर कॉलेजों में एससी-एसटी और ओबीसी कैटेगरी की सीटें खाली होने के कारण इन वर्ग के छात्रों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई है।
कटऑफ जारी न होने के कारण अब छात्रों का दाखिला लक बाय चांस होगा। यानी जिसको जिस कॉलेज के बारे में जानकारी मिल गई और समय पर पहुंच गया तो उसका दाखिला हो जाएगा। एक सीट पर एक समान उच्च अंकों वाले सभी छात्रों का दाखिला होगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय में दस कटऑफ जारी होने के बाद भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की सीटें कुछ कॉलेजों में खाली थीं।
खाली सीटों की जानकारी वेबसाइट पर
इसके लिए सोमवार को कॉलेजों ने अपने यहां विषयवार खाली सीटों की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी, जिसके बाद पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई। कई कॉलेजों में एक-एक सीट पर पंजीकरण के लिए छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी।
रामलाल आनंद कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विजय शर्मा ने बताया कि उनके कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में ओबीसी के लिए एक, एससी व एसटी के लिए पांच-पांच सीटें खाली हैं। वहीं राजनीति शास्त्र ऑनर्स में ओबीसी की एक, एससी की पांच व एसटी की तीन सीटें खाली हैं। इसी तरह से इस कॉलेज में नौ अन्य विषयों की सीटें खाली हैं।
डॉ. शर्मा के अनुसार, एक-एक सीट पर पंजीकरण के लिए काफी भीड़ पहुंच रही है। मंगलवार दोपहर तक पंजीकरण होने के बाद इसी दिन शाम को दाखिला पाने वालों की सूची जारी की जाएगी। उसके आधार पर 6 और 7 अगस्त को दाखिले होंगे।