जानिए,कब तक होंगे यूपी के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपीटीयू ने सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को 14 अगस्त तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कुलसचिव केके चौधरी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अंतिम चरण की काउंसलिंग 11 अगस्त को संपन्न हो रही है।
यूपीटीयू कुलसचिव केके चौधरी द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य प्रवेश परीक्षा की काउंसलिंग के साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेजों को एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी है। अंतिम चरण की काउंसलिंग पांच अगस्त से शुरू हुई है।
सीट आवंटन की प्रक्रिया 11 अगस्त को पूरी हो जाएगी। इसके बाद सभी संस्थानों में खाली सीटों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद 14 अगस्त तक कॉलेजों के पास मौका होगा कि वे खाली सीटों पर दाखिला ले सकें।
इस तिथि के बाद दाखिले मान्य नहीं होंगे। वहीं अंतिम चरण की काउंसलिंग में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स को फीस जमा करने के लिए 25 अगस्त तक का समय देने की बात भी कही गई है।
यूपीटीयू ने सभी संस्थानों को उनके यहां से सीट छोड़ने वाले स्टूडेंट्स की फीस और डॉक्यूमेंट देने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां तक कि उनके यहां के नामांकन पर रोक लगा दी जाएगी। कुलसचिव केके चौधरी के अनुसार शिकायत मिलने पर कॉलेजों की कंफर्मेशन फीस में से कटौती भी की जा सकती है।
अंतिम चरण की काउंसलिंग को चॉइस लॉक शुरू
राज्य प्रवेश परीक्षा-2015 के अंतिम चरण की काउंसलिंग के लिए चॉइस लॉक की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई जो रविवार को संपन्न होगी। इसके बाद 10 व 11 अगस्त को सीट आवंटन की सूची जारी की जाएगी।
इसी बीच अभ्यर्थियों को आवंटित संस्थान में जाकर सीट कंफर्म करनी होगी। प्रवेश समन्वयक प्रो.जगबीर सिंह के अनुसार अंतिम चरण की काउंसलिंग के लिए 1500 नए और आठ हजार पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं।
पहले से रजिस्टर्ड अभ्यर्थी भी प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में सीट लॉक करने वालों की संख्या 11 से 12 हजार के बीच हो सकती है।
एमटेक,एमफॉर्मा और एमआर्क का आवंटन निरस्त
यूपीटीयू ने पहले चरण में आवंटित एमटेक,एमफॉर्मा और एमआर्क पाठ्यक्रमों का सीट व आवंटन पत्र निरस्त कर दिए हैं। यूपीटीयू कुलसचिव केके चौधरी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
उनके अनुसार तकनीकी कारणों से सीट का आवंटन निरस्त किया जा रहा है। सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को दोबारा विकल्प भरने होंगे। इसकी सूचना सभी अभ्यर्थियों को एसएमएस,ईमेल से दे दी गई है।
विवि के विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रक्रिया पिछले महीने से चल रही है। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और अभ्यर्थियों को आवंटन पत्र भी जारी किए जा चुके हैं।
इसके बाद तकनीकी कारणों की बात कहते हुए शनिवार को आवंटन निरस्त कर दिया गया। नए सिरे से विकल्प भरने के लिए कार्यक्रम भी जारी किया गया है। यूपीटीयू ने चॉइस लॉकिंग का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
कुलसचिव का कहना है कि विवि की ओर से सभी अभ्यर्थियों को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से इसकी सूचना दे दी गई है। विकल्प भरने की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो जाएगी।