{"_id":"124-63930","slug":"Lucknow-63930-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"GBTU: जानिए, कब से शुरू होंगी आपकी क्लासेज","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
GBTU: जानिए, कब से शुरू होंगी आपकी क्लासेज
लखनऊ/इंटरनेट डेस्क
Updated Fri, 26 Jul 2013 10:12 AM IST
विज्ञापन
गौतम बुद्ध प्राविधिक विश्वविद्यालय (जीबीटीयू) के शैक्षिक सत्र 2013-14 का एकेडमिक कैलेंडर बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया।
विज्ञापन
विवि के अधीन संचालित बीटेक, बीफार्मा, बीआर्क, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, एमबीए और एससीए पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन एक अगस्त से प्रस्तावित है।
उधर, शैक्षिक सत्र 2012-13 से सम सेमेस्टर की कॉपियों के चैलेंज इवैलुएशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख तीन अगस्त निर्धारित की गई है।
बीटेक, बीफार्मा, बीआर्क, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, एमबीए और एससीए पाठ्यक्रमों के पांचवें, सातवें और नौवें सेमेस्टर की कक्षाएं 29 जुलाई से शुरू होंगी।
विवि प्रशासन के निर्देशों के तहत दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर 31 अगस्त तक छात्रों की सूची विवि को भेजनी होगी।
इसके अलावा 15 सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच एनरोलमेंट फॉर्म जमा करने होंगे। विवि प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर ये सूची अपलोड कर दी गई है।
देने होंगे दो क्लास टेस्ट
विवि प्रशासन की ओर से शैक्षिक सत्र के दौरान दो क्लास टेस्ट आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें पहला टेस्ट एक-तिहाई और दूसरा दो-तिहाई सिलेबस के पूरा होने पर लिया जाएगा।
विज्ञापन
यदि किसी कारण कोई छात्र इस टेस्ट में भाग नहीं ले पाता है तो उसके लिए विशेष व्यवस्था कर परीक्षा कराने की जिम्मेदारी कॉलेज निदेशक व प्राचार्य की होगी। क्लास टेस्ट एक घंटे का होगा।
विज्ञापन
पहले टेस्ट में भाग लेने के लिए 70 प्रतिशत और दूसरे के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। यदि उपस्थिति कम है तो प्रत्येक माह इसकी सूचना अभिभावकों को देनी होगी।
540 घंटे की टीचिंग अनिवार्य
एक सेमेस्टर में 540 घंटे की टीचिंग अनिवार्य है। इसे सुनिश्चित करना संस्थान की जिम्मेदारी है। यदि जरूरत पड़ती है तो निदेशक और प्राचार्य अतिरिक्त कक्षाएं लेने के लिए स्वतंत्र होंगे।
इसके अलावा पहले टेस्ट के बाद संस्थानों को हर छात्र की उपस्थिति के संबंध में सभी सूचनाएं विवि प्रशासन को भेजनी होगी।
उधर, विषम सेमेस्टर के लिए उपलब्ध कराए गए परीक्षा फॉर्म सम सेमेस्टर के लिए भी मान्य होंगे। हालांकि, कैरीओवर परीक्षाओं के मामले में दोनों सेमेस्टर के फॉर्म अलग-अलग जमा होंगे।
चैलेंज इवैलुएशन के आवेदन तीन तक
सत्र 2012-13 के सम सेमेस्टर की कॉपियों के चैलेंज इवैलुएशन फॉर्म ऑनलाइन भरने की अंतिम तारीख तीन अगस्त तक है। सभी संस्थान कॉलेज लॉग-इन के माध्यम से फॉर्म जमा कर सकते थे।
वहीं, हार्डकॉपी के साथ शुल्क जमा करने के लिए एमआईएस प्राप्त करने की अंतिम तारीख सात अगस्त है।